मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी से की सौजन्य भेंट

रायपुर, 20 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज ओडिशा प्रवास के दौरान भुवनेश्वर में ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी से उनके निवास पर सौजन्य भेंट की। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने मुख्यमंत्री साय का आत्मीय स्वागत किया। दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों के बीच छत्तीसगढ़ और ओडिशा के आपसी सहयोग, विकास, जनकल्याण तथा अंतर्राज्यीय विषयों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ और ओडिशा केवल पड़ोसी राज्य ही नहीं, बल्कि सामाजिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक रूप से भी एक-दूसरे से गहराई से जुड़े हुए हैं। दोनों राज्यों की सीमाओं से लगे क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के बीच लंबे समय से आत्मीय संबंध रहे हैं। ऐसे में आपसी समन्वय और सहयोग को और मजबूत करने से सीमावर्ती क्षेत्रों सहित दोनों प्रदेशों के नागरिकों को लाभ मिल सकता है।

बैठक को दोनों राज्यों के बीच समन्वय की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हाल के महीनों में छत्तीसगढ़ और ओडिशा के बीच महानदी जल बंटवारे का विषय भी चर्चा के केंद्र में रहा है। 30 जुलाई 2026 को केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी. आर. पाटिल की अध्यक्षता में नई दिल्ली में दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक हुई थी। केंद्र सरकार ने इस प्रक्रिया को संवाद, तकनीकी सहयोग और सहकारी संघवाद के माध्यम से समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया था।

ओडिशा के मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, जुलाई में हुई बैठक में महानदी के जल बंटवारे और प्रबंधन से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई थी तथा दोनों राज्यों के बीच सौहार्दपूर्ण, न्यायसंगत और दीर्घकालिक समाधान की दिशा में संवाद जारी रखने पर जोर दिया गया था।

मुख्यमंत्री साय ने रविवार को भुवनेश्वर पहुंचने के बाद महानदी जल विवाद के संबंध में भी कहा कि केंद्र सरकार इस विषय के समाधान की दिशा में काम कर रही है और विवाद का समाधान बहुत जल्द होने की संभावना है। इस विषय को लेकर दोनों राज्यों के बीच संवाद और समन्वय की प्रक्रिया लगातार आगे बढ़ रही है।

दोनों मुख्यमंत्रियों की मुलाकात ऐसे समय हुई है, जब छत्तीसगढ़ और ओडिशा के बीच क्षेत्रीय विकास, संपर्क, संसाधनों के समन्वित उपयोग तथा सीमावर्ती क्षेत्रों से जुड़े विषयों पर सहयोग बढ़ाने की संभावनाएं महत्वपूर्ण हैं। इससे दोनों राज्यों के बीच प्रशासनिक एवं विकासात्मक समन्वय को और गति मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री साय का ओडिशा प्रवास दो दिवसीय कार्यक्रम का हिस्सा है। प्रवास के दौरान भुवनेश्वर और पुरी में विभिन्न कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। भुवनेश्वर में लिंगराज मंदिर तथा पुरी में भगवान जगन्नाथ मंदिर के दर्शन का कार्यक्रम भी निर्धारित है।

इस मुलाकात को पड़ोसी राज्यों के बीच आपसी संवाद, सहयोग और जनहित से जुड़े विषयों पर समन्वय को आगे बढ़ाने वाली महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *