भिलाई नगर, 20 सितंबर 2026। खुर्सीपार पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए जीरो स्ट्रीट जोन-3 स्थित एक मकान में दबिश देकर 70.460 ग्राम चिट्टा यानी हेरोइन बरामद की है। पुलिस के अनुसार जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 14 लाख 9 हजार 200 रुपये है। मामले में एक महिला सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मादक पदार्थ के अलावा नकदी, सोने-चांदी के आभूषण, मोबाइल फोन और इलेक्ट्रॉनिक तराजू सहित करीब 29 लाख 22 हजार 300 रुपये की कुल संपत्ति जब्त करने की जानकारी दी है।
पुलिस के मुताबिक 19 सितंबर को थाना प्रभारी निरीक्षक लक्ष्मण केंवट को मुखबिर से सूचना मिली थी कि जसबीर कौर उर्फ सोनू अपने मकान में नितेश सोनी के साथ मिलकर अवैध रूप से चिट्टा बेचने का काम कर रही है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने जीरो स्ट्रीट जोन-3 स्थित मकान की घेराबंदी कर दबिश दी। पुलिस ने मौके से जसबीर कौर उर्फ सोनू और नितेश सोनी को पकड़ा।
तलाशी के दौरान मकान में रखी लोहे की आलमारी से सफेद प्लास्टिक की झिल्ली में रखा संदिग्ध मादक पदार्थ बरामद किया गया। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौल करने पर उसका कुल वजन 70.460 ग्राम पाया गया। पुलिस के अनुसार जांच में यह पदार्थ चिट्टा यानी हेरोइन पाया गया, जिसकी कीमत करीब 14 लाख 9 हजार 200 रुपये आंकी गई है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 2 लाख 35 हजार 100 रुपये नकद भी बरामद किए। इसके अलावा करीब 71.35 ग्राम वजन के 19 नग सोने के आभूषण तथा करीब 727.70 ग्राम वजन के 27 नग चांदी के आभूषण एवं बर्तन जब्त किए गए हैं। आरोपियों के कब्जे से अलग-अलग कंपनियों के आठ मोबाइल फोन और तीन इलेक्ट्रॉनिक तराजू भी बरामद किए गए। पुलिस ने जब्त सामान की कुल अनुमानित कीमत 29 लाख 22 हजार 300 रुपये बताई है।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में नितेश सोनी ने कथित तौर पर बताया कि वह जसबीर कौर के कहने पर जामुल क्षेत्र के रवेल सिंह से चिट्टा खरीदता था और दोनों मिलकर इसकी बिक्री करते थे। वहीं जसबीर कौर से पूछताछ में पुलिस ने अन्य लोगों को मादक पदार्थ बेचने तथा कुछ लोगों को बिक्री के लिए चिट्टा और डोडा उपलब्ध कराने संबंधी जानकारी सामने आने का दावा किया है।
पुलिस अब आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर मादक पदार्थ के स्रोत, सप्लायर और संभावित खरीदारों की भूमिका की जांच कर रही है। मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 0431/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8, 21(ख) और 27(क) में मामला दर्ज किया है। दोनों आरोपियों को 19 सितंबर की रात गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार नशे के अवैध कारोबार से जुड़े पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए विवेचना जारी है।
