बीजापुर में सुरक्षा बलों की बड़ी कार्रवाई, माओवादी डंप से हथियार और गोला-बारूद बरामद

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों को माओवादी गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे तलाशी अभियान के दौरान बड़ी सफलता मिली है। बेदरे थाना क्षेत्र के लंका-पहाड़ी के जंगल में सुरक्षा बलों ने जमीन में छिपाकर रखे गए एक माओवादी डंप का पता लगाकर बड़ी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और अन्य सैन्य सामग्री बरामद की है।

जानकारी के अनुसार, सुरक्षा बलों की टीम लंका-पहाड़ी के जंगल क्षेत्र में तलाशी अभियान चला रही थी। इसी दौरान जमीन में छिपाकर रखे गए माओवादी डंप का पता चला। सुरक्षा बलों ने मौके पर पहुंचकर डंप की जांच की और उसमें रखे हथियार एवं अन्य सामग्री को बरामद किया।

बरामद सामग्री में एसएलआर-एलएमजी राइफल, इंसास राइफल, 315 बोर की बंदूक, बीजीएल लॉन्चर, बीजीएल सेल, हैंड ग्रेनेड, बड़ी संख्या में कारतूस और मैगजीन शामिल हैं। हथियारों और गोला-बारूद की बरामदगी से सुरक्षा बलों ने माओवादी गतिविधियों के खिलाफ अभियान में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है।

जमीन में छिपाकर रखा गया था डंप

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, माओवादी संगठन द्वारा सुरक्षा बलों से बचाने के उद्देश्य से हथियार और गोला-बारूद को जमीन के भीतर छिपाकर रखा गया था। तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को इसकी जानकारी मिली, जिसके बाद डंप को सुरक्षित तरीके से बाहर निकाला गया।

बीजापुर और आसपास के वन क्षेत्रों में सुरक्षा बलों द्वारा लगातार तलाशी एवं सर्च अभियान चलाए जा रहे हैं। इन अभियानों का उद्देश्य माओवादी गतिविधियों में इस्तेमाल होने वाले हथियारों और अन्य सामग्री का पता लगाना तथा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *