रायपुर, 24 सितम्बर 2026। राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा वर्ष 2026-27 के लिए प्रदेश के उत्कृष्ट खिलाड़ियों को दिए जाने वाले महाराजा प्रवीरचंद्र भंजदेव सम्मान एवं गुण्डाधूर सम्मान के लिए अनुशंसाएं आमंत्रित की गई हैं। पात्र खिलाड़ी निर्धारित प्रारूप में 30 सितम्बर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन केवल खेल एवं युवा कल्याण विभाग की वेबसाइट के माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे। विभागीय वेबसाइट पर अपलोड किए गए आवेदन ही मान्य होंगे।
दोनों सम्मान राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश के उत्कृष्ट खिलाड़ियों को प्रदान किए जाते हैं। इस वर्ष प्रत्येक सम्मान के अंतर्गत चयनित खिलाड़ी को 1 लाख रुपये नगद, अलंकरण फलक एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। उपलब्धियों का मूल्यांकन पुरुष एवं महिला खिलाड़ियों को सम्मिलित रूप से करते हुए किया जाएगा।
महाराजा प्रवीरचंद्र भंजदेव सम्मान विशेष रूप से तीरंदाजी के क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल करने वाले खिलाड़ी को प्रदान किया जाएगा। वर्ष 2025-26 में सीनियर वर्ग की तीरंदाजी राष्ट्रीय चैंपियनशिप अथवा राष्ट्रीय खेलों में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करते हुए स्वर्ण, रजत या कांस्य पदक जीतने वाले खिलाड़ी पात्र होंगे। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ी भी इस सम्मान के लिए पात्रता रखते हैं। यह सम्मान प्रतिवर्ष एक खिलाड़ी को प्रदान किया जाता है।
विभागीय नियमों के अनुसार, यदि निर्धारित उपलब्धियों वाले तीरंदाजी खिलाड़ी उपलब्ध नहीं होते हैं, तो नियमों में निर्धारित परिस्थितियों में राष्ट्रीय शालेय अथवा राष्ट्रीय अंतरविश्वविद्यालयीन प्रतियोगिताओं में पदक प्राप्त खिलाड़ियों की उपलब्धियों पर भी विचार किया जा सकता है। कुछ परिस्थितियों में अन्य मान्य खेलों की राष्ट्रीय अथवा अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियों को भी चयन के दायरे में लिया जा सकता है।
गुण्डाधूर सम्मान प्रदेश के उत्कृष्ट खिलाड़ी अथवा एक दल को प्रदान किया जाएगा। इसके लिए वर्ष 2025-26 में भारत सरकार के युवा कार्य एवं खेल मंत्रालय द्वारा राष्ट्रीय स्तर के खेल अलंकरण के लिए विचार किए जाने वाले खेलों की सीनियर राष्ट्रीय चैंपियनशिप या राष्ट्रीय खेलों में छत्तीसगढ़ की ओर से भाग लेकर स्वर्ण, रजत अथवा कांस्य पदक हासिल करने वाले खिलाड़ी पात्र होंगे। अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ी भी पात्र होंगे।

दोनों सम्मानों के लिए पात्रता में छत्तीसगढ़ का स्थानीय निवासी होना अथवा निर्धारित शैक्षणिक या शासकीय/अर्द्धशासकीय सेवा संबंधी शर्तों को पूरा करना शामिल है। इच्छुक खिलाड़ी आवेदन से संबंधित निर्धारित प्रारूप, नियम एवं अन्य जानकारी खेल विभाग के जिला स्तरीय कार्यालयों से प्राप्त कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 30 सितम्बर 2026 है।
