प्रदेश में खेती-किसानी जोरों पर, 33.50 लाख हेक्टेयर में 69 प्रतिशत बोनी पूर्ण

किसानों को अब तक 9.22 लाख मीट्रिक टन खाद और 4.12 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज वितरित, 6633.71 करोड़ रुपये का अल्पकालीन कृषि ऋण भी दिया गया

रायपुर, 22 जुलाई 2026। प्रदेश में मानसून की दस्तक के साथ ही खेती-किसानी का कार्य जोर पकड़ चुका है। राज्य में 22 जुलाई की स्थिति में 33.50 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में बोनी पूरी हो चुकी है, जो निर्धारित लक्ष्य का 69 प्रतिशत है। इस खरीफ सीजन में राज्य सरकार ने 48.69 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में बोनी का लक्ष्य निर्धारित किया है।

किसानों को सुगमता से मिले खाद-बीज

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किसानों को खेती-किसानी में हरसंभव सुविधा उपलब्ध कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। उन्होंने किसानों को उनकी मांग के अनुसार प्रमाणित खाद और बीज सुगमता से उपलब्ध कराने तथा वितरण व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होने देने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, सोसायटियों में पर्याप्त मात्रा में खाद-बीज का भंडारण सुनिश्चित करने और इसकी सतत निगरानी करने को कहा गया है।

कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री रामविचार नेताम के मार्गदर्शन में कृषि विभाग के अधिकारी खाद-बीज की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रख रहे हैं।

9.22 लाख मीट्रिक टन खाद और 4.12 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज वितरित

कृषि विभाग के अधिकारियों के अनुसार, प्रदेश के किसानों को अब तक 9.22 लाख मीट्रिक टन खाद और 4.12 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज वितरित किया जा चुका है। मानसून की बौछारों के साथ प्रदेश में खेती-किसानी का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है और बोनी का रकबा भी लगातार बढ़ रहा है।

अब तक 33.50 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में धान, मक्का, कोदो, कुटकी, अरहर, मूंग, मूंगफली, रामतिल सहित विभिन्न खरीफ फसलों की बोनी हो चुकी है। यह निर्धारित लक्ष्य का 69 प्रतिशत है।

प्रदेश में अब तक 389.7 मिलीमीटर औसत वर्षा

अधिकारियों ने बताया कि 22 जुलाई की सुबह तक प्रदेश में 389.7 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई है। प्रदेश की औसत वार्षिक वर्षा 1246.3 मिलीमीटर है। वहीं, पिछले 10 वर्षों के आधार पर इसी अवधि में जिलों की औसत वर्षा 421.5 मिलीमीटर रही है। प्रतिवेदित समय तक प्रदेश में आज 33.5 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है।

प्रमाणित बीज की मांग का 83 प्रतिशत वितरण

खरीफ 2026 के लिए बीज निगम ने प्रदेश में 4.95 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज वितरण का लक्ष्य रखा है। इसके विरुद्ध अब तक 4.70 लाख क्विंटल बीज का भंडारण किया जा चुका है, जबकि किसानों को 4.12 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज वितरित किया गया है। यह मांग का 83 प्रतिशत है। पिछले वर्ष इसी अवधि में 4.11 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज वितरित किया गया था।

14.57 लाख मीट्रिक टन उर्वरक का भंडारण

इस खरीफ सीजन में प्रदेश में 15.55 लाख मीट्रिक टन उर्वरक वितरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके विरुद्ध सहकारी और निजी क्षेत्रों में 14.57 लाख मीट्रिक टन उर्वरक का भंडारण किया गया है। भंडारित उर्वरक में से अब तक 9.22 लाख मीट्रिक टन किसानों को वितरित किया जा चुका है, जो निर्धारित लक्ष्य का 59 प्रतिशत है।

किसानों को 6633.71 करोड़ रुपये का अल्पकालीन कृषि ऋण

किसानों को खेती-किसानी में आर्थिक सहूलियत देने के उद्देश्य से राज्य सरकार किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से अल्पकालीन कृषि ऋण उपलब्ध करा रही है। अधिकारियों के अनुसार, खरीफ सीजन 2026 के लिए 21 जुलाई तक किसानों को 6633.71 करोड़ रुपये का ऋण वितरित किया जा चुका है। पिछले वर्ष इसी अवधि में 5560.34 करोड़ रुपये का ऋण वितरण हुआ था। इस वर्ष किसानों को कुल 8800 करोड़ रुपये का अल्पकालीन कृषि ऋण वितरित करने का लक्ष्य रखा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *