महतारी वंदन योजना की 32वीं किस्त का भुगतान कल, 67.38 लाख महिलाओं के खातों में पहुंचेंगे 632.40 करोड़ रुपये

दुर्ग में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय करेंगे 32वीं किस्त का अंतरण

रायपुर, 07 अक्टूबर 2026/ छत्तीसगढ़ की महिलाओं के आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण के उद्देश्य से संचालित महतारी वंदन योजना की 32वीं किस्त का भुगतान कल 08 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय दुर्ग में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश की पात्र महिलाओं के खातों में योजना की 32वीं किस्त की राशि का अंतरण करेंगे। इस किस्त के तहत ई-केवायसी पूर्ण कर चुके 67 लाख 38 हजार 217 हितग्राहियों को कुल 632 करोड़ 40 लाख 04 हजार 250 रुपये की राशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से दी जाएगी।

महतारी वंदन योजना प्रदेश में 01 मार्च 2024 से लागू की गई है। योजना के अंतर्गत पात्र विवाहित महिलाओं को आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। योजना का उद्देश्य महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन को बढ़ावा देने के साथ उनके स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर में सुधार करना और परिवार में उनकी निर्णयकारी भूमिका को मजबूत करना है। योजना की राशि सीधे हितग्राहियों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से अंतरित की जाती है।

योजना के लिए कुल 70 लाख 27 हजार 154 महिलाओं ने आवेदन किया था। इनमें पात्र पाए गए 70 लाख 09 हजार 578 हितग्राहियों को 10 मार्च 2024 को पहली बार सहायता राशि का अंतरण किया गया था। इसके बाद योजना के तहत नियमित रूप से किस्तों का भुगतान किया जा रहा है। योजना प्रारंभ होने से अब तक 31 किस्तों में प्रदेश की महिलाओं को 20,075.71 करोड़ रुपये की सहायता राशि का भुगतान किया जा चुका है।

32वीं किस्त के भुगतान के बाद योजना के अंतर्गत अब तक स्वीकृत एवं वितरित सहायता राशि बढ़कर लगभग 20,708.11 करोड़ रुपये हो जाएगी। अक्टूबर 2026 की किस्त के लिए अद्यतन स्थिति में कुल पात्र 68 लाख 52 हजार 661 हितग्राहियों में से निर्धारित प्रक्रिया के तहत अनुमोदन के लिए 67 लाख 31 हजार 314 हितग्राही तथा नियद नेल्लानार क्षेत्र के 6 हजार 903 हितग्राहियों की 12वीं किस्त के भुगतान संबंधी प्रकरण शामिल किए गए हैं। इस प्रकार कुल 67 लाख 38 हजार 217 हितग्राहियों को 32वीं किस्त की राशि डीबीटी के माध्यम से अंतरित की जाएगी।

महतारी वंदन योजना के माध्यम से मिलने वाली नियमित आर्थिक सहायता महिलाओं को अपनी आवश्यकताओं और परिवार से जुड़े खर्चों के प्रबंधन में सहयोग प्रदान कर रही है। योजना की राशि का उपयोग महिलाएं सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण के साथ स्वास्थ्य, पोषण तथा अन्य घरेलू आवश्यकताओं में कर रही हैं।

राज्य सरकार द्वारा महिला सशक्तिकरण को प्राथमिकता देते हुए बजट में भी महतारी वंदन योजना के लिए प्रावधान किया गया है। छत्तीसगढ़ के 2026-27 बजट में महतारी वंदन योजना के लिए 8,200 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।

कल 08 अक्टूबर को होने वाला 32वीं किस्त का भुगतान योजना से जुड़ी लाखों महिलाओं के लिए आर्थिक सहायता का एक और महत्वपूर्ण चरण होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *