छत्तीसगढ़ प्रदेश शौण्डिक समाज के अध्यक्ष शिवरतन प्रसाद गुप्ता को मिला ‘शौण्डिक राष्ट्रीय गौरव सम्मान 2026’

रायपुर, 07 अक्टूबर 2026/ छत्तीसगढ़ प्रदेश शौण्डिक समाज के अध्यक्ष एवं अखिल भारतीय सुड़ी-शौण्डिक महासंघ के सह-राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवरतन प्रसाद गुप्ता को बिहार की राजधानी पटना में आयोजित राष्ट्रीय समारोह में ‘शौण्डिक राष्ट्रीय गौरव सम्मान 2026’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान गांधी जयंती के अवसर पर पटना स्थित विद्यापति भवन सभागार में आयोजित राष्ट्रीय सुड़ी महासभा के मंच पर प्रदान किया गया। समाज के आर्थिक, सामाजिक, शैक्षणिक एवं राजनीतिक क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान के लिए शिवरतन प्रसाद गुप्ता को अंगवस्त्र, प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया गया।

समारोह में बिहार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक पवन जायसवाल, पूर्व राज्यपाल गंगा प्रसाद, पूर्व विधान पार्षद सुमन महासेठ, विधायक संजीव चौरसिया एवं कार्यक्रम संयोजक प्रहलाद पूर्वे सहित नेपाल, झारखंड, दिल्ली तथा देश के अन्य राज्यों से आए जनप्रतिनिधि एवं समाज के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। राष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन में विभिन्न राज्यों से आए सामाजिक प्रतिनिधियों की सहभागिता ने कार्यक्रम को व्यापक स्वरूप प्रदान किया।

शिवरतन प्रसाद गुप्ता को प्रदान किया गया यह सम्मान सामाजिक क्षेत्र में उनके योगदान और समाज के आर्थिक, सामाजिक, शैक्षणिक एवं राजनीतिक विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की राष्ट्रीय स्तर पर मिली पहचान के रूप में देखा जा रहा है। सम्मान प्राप्त होने पर छत्तीसगढ़ प्रदेश शौण्डिक समाज के पदाधिकारियों एवं सामाजिक बंधुओं ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे पूरे समाज के लिए गौरव का विषय बताया।

समाज की ओर से जारी जानकारी के अनुसार यह उपलब्धि केवल एक व्यक्ति का सम्मान नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ सहित देशभर के सुड़ी-शौण्डिक समाज के लिए गौरव की बात है। समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि सामाजिक एकता, शिक्षा, आर्थिक उन्नति और राजनीतिक भागीदारी को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। ऐसे राष्ट्रीय सम्मान सामाजिक कार्यों को और गति देने तथा नई पीढ़ी को समाज के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करते हैं।

कार्यक्रम में इस बात का भी उल्लेख किया गया कि बिहार सरकार में समाज से जुड़े जनप्रतिनिधि महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं। इनमें डॉ. श्वेता गुप्ता, समाज कल्याण कैबिनेट मंत्री, अरुण शंकर प्रसाद, श्रम कल्याण कैबिनेट मंत्री, डॉ. प्रकाश चंद्रा, ओबरा विधानसभा के विधायक एवं बिहार सरकार के उपनेता तथा बैजनाथ प्रसाद रिगा, विधानसभा सदस्य शामिल हैं। समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों में समाज की बढ़ती भागीदारी और प्रतिनिधित्व सामाजिक जागरूकता एवं संगठनात्मक एकजुटता का परिणाम है।

शिवरतन प्रसाद गुप्ता ने इस सम्मान को छत्तीसगढ़ प्रदेश के सभी सामाजिक बंधुओं की एकता, सहयोग और विकास को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि समाज की प्रगति सामूहिक प्रयासों से ही संभव है और सामाजिक एकता को मजबूत करते हुए शिक्षा, आर्थिक सशक्तिकरण तथा सामाजिक विकास की दिशा में निरंतर कार्य किया जाना आवश्यक है। ‘शौण्डिक राष्ट्रीय गौरव सम्मान 2026’ से सम्मानित किए जाने पर छत्तीसगढ़ प्रदेश शौण्डिक समाज के सदस्यों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *