केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा-भारत की परंपराओं और मूल्यों में लोकतंत्र की गहरी जड़ें हैं

केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा है कि भारत की परंपराओं और मूल्यों में लोकतंत्र की गहरी जड़ें हैं। उन्होंने कहा कि देश में सरकार बदलने का एकमात्र संवैधानिक और लोकतांत्रिक तरीका चुनाव है। उन्होंने विपक्षी दलों द्वारा ‘सत्ता परिवर्तन’ की बात को नकारात्मक प्रचार बताया। प्रह्लाद जोशी आज जयपुर में भाजपा मुख्यालय में एक संवाददाता सम्‍मेलन को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि देश की जनता अपने मताधिकार के जरिए अपनी सरकार चुनने में पूरी तरह सक्षम है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल राजनीतिक हताशा के कारण मतदाता सूची के ‘विशेष गहन पुनरीक्षण’ पर सवाल उठा रहे हैं।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि दुनिया की कई बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के सामने चुनौतियां होने के बावजूद, भारत की अर्थव्यवस्था लगातार मजबूत हो रही है। उन्होंने कहा कि देश में बुनियादी ढांचा और विनिर्माण क्षेत्र का विस्‍तार हो रहा है। पिछले लगभग 12 वर्षों में, भारत में स्टार्टअप्स की संख्या 260 से बढ़कर 2 लाख 40 हजार से अधिक हो गई है। वैश्विक चुनौतियों के बावजूद भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में से एक बना हुआ है।

प्रह्लाद जोशी ने मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के साथ मिलकर आज जयपुर में सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर ‘रन फॉर यूनिटी’ को झंडी दिखाई। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि देश ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ और ‘विकसित भारत’ के दृष्टिकोण की ओर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल के असाधारण नेतृत्व और ऐतिहासिक योगदान ने एक एकजुट भारत के सपने की नींव रखी। उन्होंने 500 से अधिक रियासतों को एक साथ लाकर एक अखंड और एकजुट राष्ट्र का निर्माण किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *