प्रधानमंत्री मोदी के विचार समाज में सकारात्मक बदलाव और जनभागीदारी को दे रहे नई दिशा
रायपुर, 26 जुलाई 2026। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने रविवार को रायपुर स्थित अपने निवास कार्यालय में रायगढ़ के अधिवक्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 136वीं कड़ी का श्रवण किया। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री द्वारा देश और समाज के विभिन्न क्षेत्रों में किए जा रहे सकारात्मक प्रयासों, जनभागीदारी, जल संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन से जुड़े विषयों पर दिए गए संदेश को उपस्थित लोगों ने ध्यानपूर्वक सुना।
कार्यक्रम के बाद वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘मन की बात’ कार्यक्रम देशवासियों को प्रेरित करने और समाज में सकारात्मक बदलाव के लिए जनभागीदारी को प्रोत्साहित करने का प्रभावी मंच बन चुका है। यह कार्यक्रम देश के अलग-अलग क्षेत्रों में अपने स्तर पर उल्लेखनीय कार्य कर रहे लोगों और संस्थाओं के प्रयासों को सामने लाने के साथ ही करोड़ों नागरिकों को राष्ट्र निर्माण के साझा उद्देश्य से जोड़ने का काम कर रहा है।

उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ के माध्यम से प्रधानमंत्री देशवासियों से सीधे संवाद करते हुए सामाजिक सरोकारों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा करते हैं। इससे आम नागरिकों में अपने आसपास हो रहे सकारात्मक बदलावों को पहचानने और उनमें सहभागी बनने की प्रेरणा मिलती है। कार्यक्रम ने देश के विभिन्न हिस्सों में हो रहे नवाचारों और जनभागीदारी के प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
कोरबा में जल संरक्षण के प्रयासों का उल्लेख गौरव का विषय
वित्त मंत्री ने कहा कि इस कड़ी में प्रधानमंत्री ने छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में अमृत सरोवर योजना के तहत तालाबों के संरक्षण और जल संवर्धन के लिए किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा छत्तीसगढ़ के प्रयासों को राष्ट्रीय मंच पर स्थान दिया जाना पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय है।
ओपी चौधरी ने कहा कि कोरबा में जल संरक्षण और जल संवर्धन के लिए किए जा रहे प्रयास यह दर्शाते हैं कि जब सरकार के प्रयासों के साथ समाज की सक्रिय भागीदारी जुड़ती है, तो उसके परिणाम और अधिक प्रभावी होते हैं। जल स्रोतों का संरक्षण केवल वर्तमान की आवश्यकता नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए भी जरूरी है।

जल संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन पर विशेष जोर
वित्त मंत्री ने कहा कि जल संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन और सामुदायिक सहभागिता जैसे विषयों पर प्रधानमंत्री का विशेष जोर देश को सतत विकास की दिशा में आगे बढ़ाने का स्पष्ट संदेश देता है। उन्होंने कहा कि तेजी से बदलते पर्यावरणीय परिस्थितियों के बीच जल स्रोतों को संरक्षित करना और प्राकृतिक संसाधनों का विवेकपूर्ण उपयोग करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ अब केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं रह गया है, बल्कि यह करोड़ों नागरिकों को एक साझा उद्देश्य से जोड़ने वाला सशक्त माध्यम बन चुका है। कार्यक्रम समाज में सकारात्मक सोच, नवाचार, जनभागीदारी और राष्ट्र निर्माण की भावना को लगातार मजबूत कर रहा है।

अधिवक्ताओं ने भी जनभागीदारी का लिया संकल्प
कार्यक्रम के श्रवण के दौरान उपस्थित रायगढ़ के अधिवक्ताओं ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विचारों को प्रेरणादायी बताया। अधिवक्ताओं ने कहा कि जल संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है।
इस अवसर पर उपस्थित अधिवक्ताओं ने जनहित से जुड़े विषयों पर सामूहिक भागीदारी बढ़ाने और सामाजिक दायित्वों के निर्वहन में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प व्यक्त किया। कार्यक्रम के माध्यम से उपस्थित लोगों ने समाज और राष्ट्र के विकास में अपनी जिम्मेदारी निभाने तथा सकारात्मक बदलाव के प्रयासों को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता भी जताई।
