‘मन की बात’ से विकसित भारत का संकल्प हुआ और मजबूत : मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े

कारगिल के वीरों को नमन, आत्मनिर्भर भारत, युवा शक्ति और जनभागीदारी पर प्रधानमंत्री का विशेष जोर

रायपुर, 26 जुलाई 2026। महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने रविवार को नवा रायपुर स्थित अपने निवास कार्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 136वें संस्करण का श्रवण किया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री के राष्ट्र निर्माण, जनभागीदारी, युवा शक्ति और आत्मनिर्भर भारत से जुड़े प्रेरक संदेशों को देश के विकास के लिए मार्गदर्शक बताया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन की शुरुआत कारगिल विजय दिवस के अवसर पर मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए की। उन्होंने कहा कि देश सदैव वीर जवानों के शौर्य, पराक्रम और त्याग का ऋणी रहेगा। कारगिल के वीरों का बलिदान आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा और देशभक्ति के लिए सदैव प्रेरित करता रहेगा।

युवा शक्ति और नवाचार को विकसित भारत की ताकत बताया

प्रधानमंत्री ने अपने उद्बोधन में देश की युवा शक्ति, खिलाड़ियों की उपलब्धियों और नवाचार की बढ़ती संस्कृति का उल्लेख किया। उन्होंने युवाओं से आत्मविश्वास के साथ विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि देश का युवा आज नए विचारों, तकनीक और नवाचार के माध्यम से भारत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

उन्होंने आत्मनिर्भर भारत अभियान के अंतर्गत स्वदेशी रक्षा तकनीकों की वैश्विक स्तर पर बढ़ती पहचान का भी उल्लेख किया। प्रधानमंत्री ने इसे भारत की बढ़ती सामर्थ्य, तकनीकी क्षमता और आत्मविश्वास का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भरता की दिशा में देश लगातार आगे बढ़ रहा है और भारतीय प्रतिभा तथा तकनीक को दुनिया में नई पहचान मिल रही है।

छत्तीसगढ़ के कोरबा के प्रयासों का विशेष उल्लेख

प्रधानमंत्री ने ‘मन की बात’ में छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में जनभागीदारी से किए जा रहे प्रेरणादायी प्रयासों का विशेष उल्लेख किया। उन्होंने प्रदेशवासियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि समाज की सक्रिय सहभागिता से विकास के नए आयाम स्थापित किए जा सकते हैं। ऐसे जनभागीदारी आधारित प्रयास न केवल स्थानीय स्तर पर बदलाव लाते हैं, बल्कि पूरे देश के लिए प्रेरणा का माध्यम बनते हैं।

‘मन की बात’ जन-जन को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने वाला जनआंदोलन

कार्यक्रम के पश्चात मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि ‘मन की बात’ केवल संवाद का माध्यम नहीं है, बल्कि यह जन-जन को राष्ट्रहित, सेवा, कर्तव्य और सकारात्मक परिवर्तन के लिए प्रेरित करने वाला जनआंदोलन बन चुका है। प्रधानमंत्री के विचार प्रत्येक नागरिक को समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने तथा देश के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने की प्रेरणा देते हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का यह कार्यक्रम देशभर में हो रहे सकारात्मक कार्यों, नवाचारों और जनभागीदारी के प्रयासों को सामने लाने का प्रभावी मंच बन गया है। इससे आम नागरिकों को समाज और राष्ट्रहित में कुछ नया करने की प्रेरणा मिलती है तथा देश के विभिन्न हिस्सों में किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों को राष्ट्रीय पहचान मिलती है।

महिला सशक्तिकरण और जनकल्याण के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ सरकार प्रतिबद्ध

मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार प्रधानमंत्री के ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने के लिए महिला सशक्तिकरण, बाल विकास, सुपोषण, शिक्षा और सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में जनभागीदारी आधारित योजनाओं को प्रभावी ढंग से क्रियान्वित कर रही है।

उन्होंने कहा कि महिलाओं और बच्चों के सर्वांगीण विकास के साथ समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों के कल्याण के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है। प्रधानमंत्री के प्रेरक संदेश राज्य सरकार के जनकल्याण और विकास के प्रयासों को नई ऊर्जा प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में विकसित छत्तीसगढ़ की महत्वपूर्ण भूमिका होगी और इसके लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *