31 जनवरी 2027 को होगी अखिल भारतीय सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा, विलंब शुल्क के साथ 6 दिसंबर तक आवेदन का अवसर
रायपुर, 10 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के विद्यार्थियों के लिए सैनिक स्कूल में प्रवेश पाने का अवसर शुरू हो गया है। शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए सैनिक स्कूल अंबिकापुर सहित देशभर के सैनिक स्कूलों और नए सैनिक स्कूलों में कक्षा छठवीं एवं नौवीं में प्रवेश की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा अखिल भारतीय सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा (AISSEE-2027) का आयोजन 31 जनवरी 2027 को किया जाएगा। इच्छुक और पात्र विद्यार्थी 2 दिसंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
रक्षा मंत्रालय के अधीन संचालित सैनिक स्कूलों में प्रवेश के लिए विद्यार्थियों का चयन प्रवेश परीक्षा के आधार पर किया जाएगा। सैनिक स्कूल अंबिकापुर के प्राचार्य द्वारा जारी सूचना के अनुसार ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 3 नवंबर 2026 से शुरू हो चुकी है। आवेदन और परीक्षा शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 2 दिसंबर 2026 रात 11:50 बजे निर्धारित की गई है।
विलंब शुल्क के साथ 6 दिसंबर तक आवेदन
जो अभ्यर्थी निर्धारित अंतिम तिथि तक आवेदन नहीं कर पाएंगे, उन्हें विलंब शुल्क के साथ आवेदन का अवसर दिया जाएगा। इसके लिए 3 दिसंबर से 6 दिसंबर 2026 तक आवेदन किया जा सकेगा। विलंब शुल्क के रूप में निर्धारित शुल्क के अतिरिक्त 500 रुपये जमा करने होंगे। आवेदन पत्र में दर्ज विवरणों में सुधार के लिए 7 से 9 दिसंबर 2026 तक संशोधन का अवसर मिलेगा।
31 जनवरी को होगी प्रवेश परीक्षा
एनटीए के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार AISSEE-2027 परीक्षा 31 जनवरी 2027 को आयोजित होगी। परीक्षा केंद्र के शहर की जानकारी 11 जनवरी 2027 को जारी की जाएगी। अभ्यर्थी 25 जनवरी 2027 से आधिकारिक वेबसाइट पर प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे।
प्रवेश परीक्षा बहुविकल्पीय प्रश्नों पर आधारित होगी और पेन-पेपर मोड में ओएमआर शीट के माध्यम से आयोजित की जाएगी। कक्षा छठवीं के लिए परीक्षा की अवधि 150 मिनट यानी ढाई घंटे होगी। यह परीक्षा 13 माध्यमों में आयोजित की जाएगी, जिससे विभिन्न भाषायी क्षेत्रों के विद्यार्थियों को सुविधा मिलेगी। वहीं कक्षा नौवीं की प्रवेश परीक्षा की अवधि 180 मिनट होगी और इसका प्रश्नपत्र अंग्रेजी माध्यम में होगा।
आयु सीमा और पात्रता का रखें ध्यान
कक्षा छठवीं में प्रवेश के लिए विद्यार्थी की आयु 31 मार्च 2027 को 10 से 12 वर्ष के बीच होनी चाहिए। कक्षा नौवीं में प्रवेश के लिए आयु सीमा 13 से 15 वर्ष निर्धारित है। दोनों कक्षाओं में प्रवेश के लिए निर्धारित शैक्षणिक योग्यता, आरक्षण और अन्य पात्रता शर्तों का पालन करना अनिवार्य होगा। कक्षा नौवीं में प्रवेश के इच्छुक विद्यार्थी को किसी मान्यता प्राप्त विद्यालय से कक्षा आठवीं में अध्ययनरत होना चाहिए।
सैनिक स्कूलों में प्रवेश के बाद विद्यार्थियों को शैक्षणिक शिक्षा के साथ अनुशासन, शारीरिक प्रशिक्षण, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रीय भावना के विकास का अवसर मिलता है। ये विद्यालय विद्यार्थियों को राष्ट्रीय रक्षा अकादमी और अन्य रक्षा सेवाओं में भविष्य के लिए तैयार करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
एनटीए की वेबसाइट पर करें आवेदन
इच्छुक विद्यार्थी और अभिभावक एनटीए की आधिकारिक वेबसाइट https://exams.nta.nic.in/sainik-school-society/ अथवा https://nta.ac.in/ पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। पात्रता, आयु सीमा, आरक्षण, पाठ्यक्रम, परीक्षा शुल्क और आवेदन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी आधिकारिक सूचना पुस्तिका में उपलब्ध है।

किसी भी प्रकार की सहायता के लिए अभ्यर्थी एनटीए हेल्पडेस्क के नंबर 011-40759000 और 011-69227700 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा aissee@nta.ac.in पर ई-मेल भेजकर भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है। अभिभावकों को सलाह दी गई है कि आवेदन करने से पहले सूचना पुस्तिका में दिए गए सभी दिशा-निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ लें।
