बीजापुर में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता, तीन माओवादी डंप बरामद; 136 बीजीएल सेल और 1400 फीट कार्डेक्स वायर जब्त

बीजापुर। जिले में माओवाद उन्मूलन अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। पामेड़ और गंगालूर थाना क्षेत्र में चलाए गए दो अलग-अलग सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों ने माओवादियों के तीन डंप बरामद किए हैं। इन डंप से कुल 136 बीजीएल सेल, 1400 फीट कार्डेक्स वायर सहित भारी मात्रा में माओवादी सामग्री जब्त की गई है। यह कार्रवाई डीआरजी, कोबरा बटालियन, सीआरपीएफ और डॉग स्क्वाड की संयुक्त टीमों ने की।

बीजापुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल ने बताया कि पुलिस को खुफिया सूचना मिली थी कि माओवादियों ने जंगलों में विस्फोटक सामग्री और अन्य सामान छिपाकर रखा है। सूचना के आधार पर सुरक्षा बलों ने संबंधित क्षेत्रों में सर्च अभियान शुरू किया।

तुमरेल-सिंगमपल्ली जंगल में मिला पहला डंप

थाना पामेड़ क्षेत्र के तुमरेल-सिंगमपल्ली जंगल में डीआरजी, 208वीं कोबरा बटालियन और डॉग स्क्वाड K-9 की संयुक्त टीम ने तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान डॉग स्क्वाड की सहायता से माओवादियों द्वारा छिपाकर रखे गए डंप का पता लगाया गया। तलाशी के दौरान यहां से 103 बीजीएल सेल सहित बड़ी मात्रा में माओवादी सामग्री बरामद की गई। सुरक्षा बलों ने बरामद सामग्री को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

लेकामपारा के जंगलों में दो डंप बरामद

वहीं दूसरी कार्रवाई गंगालूर थाना क्षेत्र के एफओबी कुप्पागुड़ा अंतर्गत लेकामपारा के जंगलों में की गई। यहां सीआरपीएफ की 199वीं बटालियन, 204वीं कोबरा बटालियन और डॉग स्क्वाड K-9 वेस्पा की संयुक्त टीम ने सर्च ऑपरेशन चलाया। तलाशी के दौरान सुरक्षा बलों को माओवादियों के दो अलग-अलग डंप मिले। इनसे 33 बीजीएल सेल, 1400 फीट कार्डेक्स वायर सहित अन्य माओवादी सामग्री जब्त की गई।

माओवादी गतिविधियों पर कार्रवाई जारी

दोनों अभियानों में बरामद सामग्री को सुरक्षा बलों ने जब्त कर लिया है। इन मामलों में संबंधित थानों में अलग-अलग वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, माओवादियों द्वारा जंगलों में छिपाकर रखी गई विस्फोटक सामग्री सुरक्षा बलों और आम नागरिकों के लिए गंभीर खतरा बन सकती थी। संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान डॉग स्क्वाड की मदद से डंप का पता लगना अभियान की महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।

बीजापुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि जंगल या आसपास के क्षेत्रों में किसी भी संदिग्ध वस्तु अथवा विस्फोटक सामग्री दिखाई देने पर उसे बिल्कुल न छुएं। इसकी सूचना तत्काल नजदीकी थाना या सुरक्षा कैंप को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके और किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *