6244 वर्गफुट जमीन का 12 लाख रुपये में किया था सौदा, राजस्व रिकॉर्ड में दूसरे व्यक्तियों के नाम मिली भूमि
रकम वापसी के लिए दिए गए चेक भी हुए बाउंस, आरोपी दीपक झा के खिलाफ BNS की धाराओं में मामला दर्ज
दुर्ग, 15 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में जमीन की खरीद-बिक्री के नाम पर कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। दूसरे व्यक्तियों के स्वामित्व वाली जमीन को अपनी बताकर विक्रय इकरारनामा निष्पादित करने और खरीदार से 11 लाख 50 हजार रुपये प्राप्त करने के आरोप में अमलेश्वर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध दर्ज किया है। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने आरोपी दीपक झा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) एवं 320 के तहत अपराध क्रमांक 0170/26 पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है।
12 लाख रुपये में तय हुआ था जमीन का सौदा
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी जयदीप झा निवासी कन्हैयापुरी, दुर्ग ने न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी पाटन के समक्ष भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 175(3) के तहत आवेदन प्रस्तुत किया था।
आवेदन में बताया गया कि आरोपी दीपक झा निवासी एमआईजी-08, कोटा रायपुर से उसकी पूर्व परिचित और पारिवारिक रिश्तेदारी थी। इसी परिचय के दौरान वर्ष 2021 में आरोपी ने ग्राम खम्हरिया, तहसील पाटन स्थित 6244 वर्गफुट जमीन को अपनी स्वामित्व की भूमि बताते हुए बेचने का प्रस्ताव दिया। दोनों के बीच जमीन का सौदा 12 लाख रुपये में तय हुआ। इसके बाद 6 दिसंबर 2021 को विक्रय इकरारनामा निष्पादित किया गया।
11.50 लाख रुपये लेने के बाद नहीं कराई रजिस्ट्री
प्रार्थी के आरोप के मुताबिक, आरोपी ने खसरा नंबर 667/2 एवं 667/3 की कुल 6244 वर्गफुट भूमि को अपनी बताते हुए इकरारनामा किया और अलग-अलग तारीखों में कुल 11 लाख 50 हजार रुपये प्राप्त कर लिए। इकरारनामे में उल्लेख किया गया था कि संबंधित जमीन पर कृषि ऋण बकाया है और ऋण की अदायगी के बाद जमीन की रजिस्ट्री कराई जाएगी।
हालांकि, काफी समय बीतने के बाद भी जब जमीन की रजिस्ट्री नहीं हुई तो प्रार्थी ने संबंधित दस्तावेजों और राजस्व अभिलेखों की जांच कराई। इस दौरान कथित तौर पर खुलासा हुआ कि जिस जमीन को आरोपी ने अपनी बताकर बेचा था, वह राजस्व रिकॉर्ड में रविन्द्रनाथ झा एवं पुष्पलता झा के नाम पर दर्ज है।
रकम लौटाने के लिए दिए चेक भी हुए बाउंस
जमीन की वास्तविक स्थिति सामने आने के बाद प्रार्थी ने आरोपी से अपनी रकम वापस मांगी। आरोप है कि आरोपी ने पैसे लौटाने का आश्वासन देते हुए जुलाई 2025 में 5 लाख 45 हजार रुपये और 50 हजार रुपये के दो चेक दिए। प्रार्थी ने जब इन चेकों को बैंक में जमा किया तो खाते में पर्याप्त राशि नहीं होने के कारण दोनों चेक का भुगतान नहीं हो सका।
पहले पुलिस से की शिकायत, फिर न्यायालय पहुंचा मामला
प्रार्थी ने 10 दिसंबर 2025 को थाना अमलेश्वर में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद 19 दिसंबर 2025 को पुलिस अधीक्षक दुर्ग के समक्ष भी शिकायत प्रस्तुत की गई। पुलिस स्तर पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने का हवाला देते हुए प्रार्थी ने न्यायालय की शरण ली।
न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी पाटन ने 3 नवंबर 2026 को मामले में आदेश जारी करते हुए थाना अमलेश्वर को अपराध दर्ज कर विवेचना करने तथा अंतिम प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
न्यायालय के आदेश के पालन में अमलेश्वर पुलिस ने आरोपी दीपक झा के विरुद्ध अपराध क्रमांक 0170/26, धारा 318(4) एवं 320 BNS के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब विक्रय इकरारनामा, राजस्व अभिलेख, बैंक लेनदेन और चेक से संबंधित दस्तावेजों की जांच कर रही है।

मामले में आरोपों की सत्यता का निर्धारण पुलिस विवेचना और न्यायिक प्रक्रिया के बाद होगा।
