रायपुर, 22 नवंबर 2026। भारत व्यापार संवर्धन संगठन (ITPO) द्वारा आयोजित 45वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले (नई दिल्ली पर्व 2026) में छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत की अनूठी झलक देखने को मिल रही है। नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम के हॉल नंबर 4 के प्रथम तल पर 1,000 वर्ग मीटर में फैले छत्तीसगढ़ पवेलियन में राज्य के पुरातत्व विभाग द्वारा दुर्लभ पांडुलिपियों, ताम्रपत्रों और ऐतिहासिक अभिलेखों का प्रदर्शन किया जा रहा है। आचार्य रमेंद्रनाथ मिश्र के संग्रह से जुड़ी ये ऐतिहासिक धरोहरें दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण बनी हुई हैं।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 20 नवंबर को भारत मंडपम में आयोजित अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में शामिल हुए थे। छत्तीसगढ़ पवेलियन में उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान अब बदल रही है। जिस बस्तर और छत्तीसगढ़ की चर्चा कभी नक्सलवाद और चुनौतियों के संदर्भ में होती थी, आज वही प्रदेश अपनी समृद्ध जनजातीय विरासत, जीवंत लोक संस्कृति, प्राकृतिक सौंदर्य और विकास की नई संभावनाओं के साथ देश-दुनिया के सामने नई पहचान बना रहा है। व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ का स्वरूप परंपरा और आधुनिकता, विरासत और विकास तथा स्थानीय हुनर और आर्थिक संभावनाओं के संगम को प्रदर्शित कर रहा है।

कल्चुरि काल की पांडुलिपियां और ऐतिहासिक ताम्रपत्र
प्रदर्शनी में रतनपुर के कल्चुरि काल की औषधीय पांडुलिपियां ‘खूब तमाशा’ और ‘नासकेत’ विशेष रूप से प्रदर्शित की गई हैं। इनके माध्यम से प्राचीन चिकित्सा और औषधीय ज्ञान की जानकारी मिलती है। इसके साथ ही रायपुर के कल्चुरि राजवंश के अंतिम शासक अमर सिंह देव द्वारा वर्ष 1735 में जारी ताम्रपत्र भी रखा गया है, जो तत्कालीन राजनीतिक और प्रशासनिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण प्रमाण है।

गढ़ामंडल की वीरांगना रानी दुर्गावती के युग से संबंधित स्वर्णाक्षरों में लिखी दुर्लभ पांडुलिपि भी प्रदर्शनी का प्रमुख आकर्षण है। रामायण विषयक एक दुर्लभ पांडुलिपि के साथ गोस्वामी तुलसीदास की शिष्य परंपरा से संबंधित सुषेनदास महाराज की पांडुलिपि भी यहां प्रदर्शित की गई है।
छत्तीसगढ़ के इतिहास की पहली पांडुलिपि
प्रदर्शनी में वर्ष 1858 में बाबू रेवाराम कायस्थ पंडित द्वारा लिखित ‘तवारीख-ए-हैहैय राजाओं की’ भी शामिल है। इसे छत्तीसगढ़ के इतिहास की पहली पांडुलिपि माना जाता है। रतनपुर को अपनी कर्मभूमि बनाने वाले बाबू रेवाराम इतिहासकार, कवि और विद्वान थे। उनके इस ग्रंथ में हैहैयवंशी कल्चुरि राजाओं और उनके शासनकाल से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां मिलती हैं।
इसके अलावा ग्वालियर के महाराजा दौलतराव सिंधिया के शासनकाल की मोड़ी लिपि में हस्तलिखित कर संबंधी सनद भी प्रदर्शित है। यह तत्कालीन राजस्व व्यवस्था और प्रशासनिक कार्यप्रणाली को समझने में सहायक है।

1913 की व्यय विवरणिका से तत्कालीन आर्थिक व्यवस्था की जानकारी
बिलासपुर के प्रतिष्ठित नागरिक पंडित रघुवंशनाथ ठाकुर द्वारा हस्तलिखित व्यय विवरणिका भी प्रदर्शनी में रखी गई है। पंडित ठाकुर ने ई. राघवेंद्र राव का मार्गदर्शन किया था, जो आगे चलकर मध्य प्रांत और बरार के मुख्यमंत्री तथा गवर्नर बने। प्रथम विश्वयुद्ध से ठीक पहले, लगभग वर्ष 1913 की यह विवरणिका तत्कालीन छत्तीसगढ़ की आर्थिक और वित्तीय स्थिति, दैनिक उपयोग की वस्तुओं के मूल्य तथा खर्चों का महत्वपूर्ण विवरण प्रस्तुत करती है।
रायपुर जेल में तैयार हुई थी अनूठी हस्तलिखित पत्रिका
प्रदर्शनी में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पंडित सुंदरलाल शर्मा द्वारा रायपुर जेल में तैयार की गई ‘श्रीकृष्ण जन्मस्थान समाचार’ पत्रिका की मूल प्रति भी रखी गई है। इसे भारत की पहली हस्तलिखित जेल पत्रिकाओं में से एक तथा देश की अनूठी सचित्र जेल पत्रिका माना जाता है। असहयोग आंदोलन के दौरान वर्ष 1921-22 में जेल में रहते हुए पंडित सुंदरलाल शर्मा ने इसके छह अंक तैयार किए थे। पत्रिका में जेल की परिस्थितियों, स्वतंत्रता सेनानियों और कैदियों के साथ किए जाने वाले व्यवहार तथा अंग्रेजी शासन की नीतियों का वर्णन किया गया था।
ज्ञान भारतम मिशन से विरासत संरक्षण को प्रोत्साहन
प्राचीन पांडुलिपियों की खोज, सर्वेक्षण, सूचीकरण, संरक्षण और डिजिटलीकरण के लिए केंद्र सरकार द्वारा ज्ञान भारतम मिशन संचालित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य देश की विशाल हस्तलिखित विरासत को सुरक्षित रखते हुए प्राचीन भारतीय ज्ञान परंपरा को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना है। छत्तीसगढ़ पवेलियन में प्रदर्शित ऐतिहासिक दस्तावेज इस दिशा में राज्य की समृद्ध ज्ञान और सांस्कृतिक परंपरा को सामने लाते हैं।

उल्लेखनीय है कि 45वां भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला 13 से 27 नवंबर 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ पवेलियन के स्टॉल नंबर 4F-03-A में ऐतिहासिक धरोहरों के साथ प्रदेश की पारंपरिक कला, शिल्प, स्थानीय उत्पादों और विकास की संभावनाओं को भी प्रदर्शित किया जा रहा है। यह आयोजन छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक विरासत और आधुनिक विकास को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर प्रदान कर रहा है।
