अवैध धान परिवहन एवं भंडारण पर कार्रवाई, 1237 क्विंटल धान जब्त

मंडी अधिनियम के तहत 16 प्रकरण दर्ज, कोचियों एवं अन्य संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई जारी

रायपुर, 22 नवंबर 2026। धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी बनाने तथा अवैध धान परिवहन, भंडारण और कोचियों की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए राज्य शासन द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। कांकेर जिले में भी विभिन्न स्थानों पर जांच के दौरान अवैध धान के प्रकरण दर्ज कर बड़ी मात्रा में धान जब्त किया गया है।

कांकेर के जिला खाद्य अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिले में कोचियों एवं अन्य व्यक्तियों के विरुद्ध अब तक कुल 16 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इन कार्रवाइयों में कुल 1237 क्विंटल धान जब्त किया गया है। संबंधित मामलों में मंडी अधिनियम, 1972 के तहत कार्रवाई की गई है। वहीं, दो मामलों में मंडी अधिनियम की धारा 19 एवं 23 के उल्लंघन पर भी कार्रवाई की गई है।

जांच के दौरान चारामा, पखांजूर, कोयलीबेड़ा, कांकेर, अंतागढ़ एवं दुर्गूकोंदल सहित विभिन्न क्षेत्रों में धान जब्ती की कार्रवाई की गई। इसमें धान व्यापार से जुड़े फर्म संचालकों, कोचियों एवं अन्य व्यक्तियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किए गए हैं।

चारामा क्षेत्र में कोटतरा, जेपरा, टांहकापार एवं हाराडुला के व्यापारियों तथा अन्य संबंधित व्यक्तियों से धान जब्त किया गया। इसी प्रकार पखांजूर क्षेत्र के मरोड़ा, ताड़वेयली एवं सावनपुर में भी कार्रवाई की गई। कोयलीबेड़ा क्षेत्र के कोयलीबांडा, दुर्गूकोंदल क्षेत्र के दुर्गूकोंदल तथा अंतागढ़ क्षेत्र में जांच के दौरान अवैध धान के मामलों में कार्रवाई की गई।

प्रशासन द्वारा धान के अवैध परिवहन और भंडारण पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। धान खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने, वास्तविक किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने तथा बिचौलियों की गतिविधियों पर रोक लगाने के उद्देश्य से जांच अभियान चलाया जा रहा है।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी प्रक्रिया में अनियमितता करने, अवैध रूप से धान का भंडारण करने अथवा परिवहन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *