सहयोग चौपाल और चलित थाने के जरिए ग्रामीणों तक पहुंची कोंडागांव पुलिस, साइबर ठगी से लेकर महिला-बाल सुरक्षा तक किया जागरूक

साप्ताहिक बाजार में पुलिस ने दी नए आपराधिक कानूनों की जानकारी, ग्रामीणों से संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल देने की अपील

कोंडागांव। ग्रामीण क्षेत्रों में अपराधों की रोकथाम और आम नागरिकों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से कोंडागांव पुलिस द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग एवं जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में थाना उरंदाबेड़ा पुलिस ने ग्राम के साप्ताहिक बाजार में सहयोग चौपाल एवं चलित थाना के माध्यम से व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान ग्रामीणों, व्यापारियों, महिलाओं और युवाओं को साइबर अपराध, यातायात नियम, नशामुक्ति, नवीन आपराधिक कानून तथा महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी गई।

पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा (IPS) के मार्गदर्शन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा (CPS) के निर्देशन में जिले में लगातार जनजागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में थाना प्रभारी उरंदाबेड़ा अखिलेश धीवर के नेतृत्व में पुलिस स्टाफ ने साप्ताहिक बाजार में पहुंचकर ग्रामीणों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं।

साइबर ठगी से बचाव और यातायात नियमों की दी जानकारी

कार्यक्रम में पुलिसकर्मियों ने ग्रामीणों को ऑनलाइन ठगी, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी कॉल, ओटीपी साझा करने और यूपीआई फ्रॉड जैसी साइबर धोखाधड़ी के तरीकों के बारे में विस्तार से बताया। उन्हें समझाइश दी गई कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी अथवा यूपीआई पिन साझा न करें। साइबर अपराध का शिकार होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई।

यातायात जागरूकता के अंतर्गत दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, शराब पीकर वाहन नहीं चलाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश दी गई। पुलिस ने बताया कि यातायात नियमों का पालन स्वयं की सुरक्षा के साथ-साथ सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा के लिए भी आवश्यक है।

नशामुक्त समाज और नए कानूनों के प्रति किया जागरूक

नशामुक्ति अभियान के तहत ग्रामीणों को शराब एवं अन्य मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, पारिवारिक और सामाजिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। पुलिस ने नशे से दूर रहने और परिवार तथा समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।

नवीन आपराधिक कानूनों के संबंध में भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) और भारतीय साक्ष्य अधिनियम (BSA) की जानकारी दी गई। साथ ही नागरिकों को उनके कानूनी अधिकारों और पुलिस से सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया से अवगत कराया गया।

महिला एवं बाल सुरक्षा पर विशेष जोर

महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर घरेलू हिंसा, बाल विवाह, बाल शोषण, साइबर बुलिंग तथा अन्य अपराधों से बचाव के उपाय बताए गए। पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की कि महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध किसी भी प्रकार की आपराधिक घटना की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।

पुलिस और जनता के बीच विश्वास बढ़ाने की पहल

सहयोग चौपाल एवं चलित थाना का उद्देश्य पुलिस सेवाओं को ग्रामीणों के निकट पहुंचाना, उनकी समस्याओं को सुनना और अपराधों की रोकथाम में जनसहभागिता बढ़ाना है। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को अपने क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध गतिविधि, अवैध नशे के कारोबार, महिला एवं बाल अपराध अथवा अन्य आपराधिक गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी पुलिस थाने को देने के लिए प्रेरित किया गया।

कोंडागांव पुलिस ने बताया कि ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में इस प्रकार के जनजागरूकता कार्यक्रम आगे भी आयोजित किए जाएंगे, ताकि आम नागरिकों और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हो तथा सुरक्षित एवं जागरूक समाज के निर्माण में जनभागीदारी सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *