DGP ने दुर्ग पुलिस की ली समीक्षा बैठक, अपराध नियंत्रण से लेकर नशामुक्ति तक दिए सख्त निर्देश

शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई तेज करने के निर्देश, नशे की गिरफ्त में आए बच्चों और युवाओं की पहचान कर पुनर्वास पर जोर, राजपत्रित अधिकारियों को 15 बिंदुओं पर निगरानी की जिम्मेदारी

सीजी न्यूज ऑनलाइन, 22 नवंबर 2026। पुलिस महानिदेशक (DGP) अरुण देव गौतम ने दुर्ग जिले के पुलिस अधिकारियों की कल समीक्षा बैठक लेकर अपराध नियंत्रण, सड़क दुर्घटनाओं में मृत्यु दर कम करने, नशे के खिलाफ कार्रवाई, साइबर अपराधों की रोकथाम और पुलिस की कार्यप्रणाली में सुधार को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस अधिकारियों का पर्यवेक्षण केवल औपचारिक निरीक्षण तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि थाना स्तर पर अपराधों की विवेचना, कानून-व्यवस्था और पुलिस कार्यों की गुणवत्ता में सुधार के लिए नियमित निगरानी जरूरी है।

21 नवंबर को पुलिस कंट्रोल रूम दुर्ग में आयोजित बैठक में दुर्ग रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अभिषेक शांडिल्य, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर शोभराज अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मणिशंकर चंद्रा सहित जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारी मौजूद रहे।

वर्ष 2026 के पुलिस कार्यों और अपराधों की समीक्षा

बैठक में एसएसपी विजय अग्रवाल ने PPT के माध्यम से वर्ष 2026 में दुर्ग पुलिस की कार्यप्रणाली, अपराधों के तुलनात्मक आंकड़े, अपराध नियंत्रण के लिए की गई कार्रवाई, यातायात व्यवस्था में सुधार, सड़क दुर्घटनाओं में मृत्यु दर में कमी तथा पुलिस की कल्याणकारी गतिविधियों की जानकारी प्रस्तुत की। विभिन्न अपराधों में पुलिस की कार्रवाई और उपलब्धियों से भी DGP को अवगत कराया गया।

शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस महानिदेशक ने शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ लगातार सघन और प्रभावी वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने राजपत्रित अधिकारियों को अपने अनुविभाग और थाना क्षेत्रों में इस कार्रवाई की निगरानी करने तथा सड़क हादसों में मृत्यु की संख्या और कम करने के लिए ठोस प्रयास करने कहा।

नशे की गिरफ्त में आए बच्चों और युवाओं की होगी पहचान, पुनर्वास पर जोर

नशे के खिलाफ अभियान को लेकर DGP ने केवल कार्रवाई ही नहीं, बल्कि नशे की लत में फंसे बच्चों और युवाओं को इससे बाहर निकालने पर विशेष जोर दिया। ऐसे लोगों की पहचान कर उनकी प्रोफाइलिंग करने, नशा मुक्ति केंद्रों से जोड़ने और उन्हें समाज की मुख्यधारा में वापस लाने के लिए विस्तृत कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए गए।

इस कार्य के लिए नारकोटिक्स टास्क फोर्स (NTF) एवं संबंधित राजपत्रित अधिकारियों को समन्वित योजना तैयार करने कहा गया, ताकि नशे की समस्या से जूझ रहे बच्चों और युवाओं को उपचार एवं पुनर्वास का अवसर मिल सके।

साइबर अपराधों पर दूसरे जिलों से समन्वय कर कार्रवाई

साइबर अपराधों की रोकथाम और अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के लिए साइबर सेल को अन्य जिलों एवं संबंधित पुलिस इकाइयों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने, सूचनाओं का आदान-प्रदान करने तथा संयुक्त प्रयासों से साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने के निर्देश दिए गए।

राजपत्रित अधिकारियों को 15 बिंदुओं पर नियमित पर्यवेक्षण के निर्देश

DGP ने राजपत्रित अधिकारियों की जिम्मेदारियों की समीक्षा करते हुए अपने अधीनस्थ थानों का नियमित निरीक्षण और पर्यवेक्षण सुनिश्चित करने कहा। उन्हें लंबित अपराधों एवं विवेचनाओं की समीक्षा, केस डायरी का परीक्षण, विवेचना की गुणवत्ता और समयबद्धता, थानों के अभिलेखों का संधारण, कानून-व्यवस्था, गंभीर घटनाओं में घटनास्थल का निरीक्षण तथा फरार आरोपियों और गिरफ्तारी वारंटों की तामिली पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

इसके अलावा चालान की स्थिति, पुलिस बल का अनुशासन, जनसामान्य से पुलिस का व्यवहार, शिकायतों का निराकरण, मालखाने का निरीक्षण और कानूनी प्रक्रियाओं के पालन सहित कुल 15 निर्धारित बिंदुओं पर नियमित निगरानी करने कहा गया।

थाना स्तर पर जवाबदेही और कार्यप्रणाली में सुधार पर जोर

पुलिस महानिदेशक ने कहा कि अधिकारियों का पर्यवेक्षण ऐसा होना चाहिए, जिससे थाना स्तर पर विवेचना की गुणवत्ता, अभिलेखों की शुद्धता, कानून-व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली में वास्तविक सुधार दिखाई दे। बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुरूप दुर्ग पुलिस अपराध नियंत्रण, सड़क सुरक्षा, नशे के विरुद्ध कार्रवाई, साइबर अपराधों की रोकथाम और नियमित पुलिस पर्यवेक्षण को और प्रभावी बनाने की दिशा में काम करेगी।

दुर्ग पुलिस ने संबंधित विभागों के समन्वय से नशे की गिरफ्त में आए बच्चों एवं युवाओं को पुनर्वास के जरिए समाज की मुख्यधारा में जोड़ने के प्रयास जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *