मृदा स्वास्थ्य और टिकाऊ खेती की ओर कदम: बेमेतरा में ‘खेत बचाओ अभियान–2026’ के तहत किसान जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

रायपुर। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद–जैविक स्ट्रेस प्रबंधन संस्थान, रायपुर द्वारा कृषि विज्ञान केंद्र, बेमेतरा तथा कृषि विभाग के सहयोग से ‘खेत बचाओ अभियान–2026’ के अंतर्गत बेमेतरा जिले के बेरला विकासखंड स्थित ग्राम पंचायत कौड़वा में किसान जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में कुल 30 किसानों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किसानों को मृदा स्वास्थ्य के संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों के समुचित उपयोग तथा कृषि उत्पादन में स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए वैज्ञानिक एवं पर्यावरण अनुकूल कृषि पद्धतियों के प्रति जागरूक करना रहा। ‘खेत बचाओ अभियान’ के माध्यम से किसानों को मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने, मृदा एवं जल संसाधनों के संरक्षण, रासायनिक उर्वरकों के संतुलित उपयोग, जैविक तथा प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों के अनुरूप टिकाऊ कृषि प्रणाली अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान संस्थान के वैज्ञानिक डॉ. मल्लिकार्जुन जे. और डॉ. योगेश येले ने तकनीकी व्याख्यानों के माध्यम से किसानों को आधुनिक, वैज्ञानिक एवं टिकाऊ कृषि पद्धतियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने जैविक एवं प्राकृतिक खेती, मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन, संतुलित उर्वरक उपयोग तथा उपलब्ध कृषि संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग के महत्व पर प्रकाश डाला। वैज्ञानिकों ने किसानों को खेती में अनावश्यक रासायनिक उर्वरकों के उपयोग से बचने तथा मृदा की गुणवत्ता और दीर्घकालिक उत्पादकता बनाए रखने के लिए वैज्ञानिक अनुशंसाओं के अनुरूप खेती करने का परामर्श दिया।

कृषि विज्ञान केंद्र, बेमेतरा की डॉ. रजनी अगाशे ने भी किसानों को कृषि संबंधी महत्वपूर्ण तकनीकी जानकारी साझा की। आयोजन में कृषि विभाग के दो प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया। इस अवसर पर किसान-वैज्ञानिक संवाद सत्र आयोजित किया गया, जिसमें किसानों ने अपनी खेती से जुड़ी समस्याओं और जिज्ञासाओं को वैज्ञानिकों के समक्ष रखा तथा उनके व्यावहारिक समाधान प्राप्त किए।

कार्यक्रम के माध्यम से किसानों को यह संदेश दिया गया कि स्वस्थ मिट्टी ही टिकाऊ और लाभकारी कृषि का आधार है। मृदा स्वास्थ्य के संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन और वैज्ञानिक कृषि तकनीकों को अपनाकर ही भविष्य की कृषि तथा खाद्य सुरक्षा को सुनिश्चित किया जा सकता है। ‘खेत बचाओ अभियान’ के अंतर्गत इस प्रकार के आयोजनों का उद्देश्य किसानों और कृषि वैज्ञानिकों के बीच सीधा संवाद स्थापित करना तथा खेतों की उत्पादकता, मृदा स्वास्थ्य और कृषि की दीर्घकालिक स्थिरता के लिए सामूहिक प्रयासों को सुदृढ़ करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *