डाक विभाग 4 दिसंबर को लगाएगा चार अदालतें, कर्मचारियों से उपभोक्ताओं तक की शिकायतों का होगा निराकरण

प्रविष्टि तिथि: 25 नवंबर 2026, रायपुर। डाक कार्मिकों, ग्रामीण डाक सेवकों, पेंशनरों और डाक सेवाओं के उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए भारतीय डाक विभाग के छत्तीसगढ़ परिमंडल द्वारा 4 दिसंबर 2026 को परिमंडल स्तरीय अदालतों का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान डाक कार्मिक अदालत, ग्रामीण डाक सेवक (जीडीएस) अदालत, पेंशनर अदालत और डाक अदालत लगाई जाएगी। अदालत का आयोजन शुक्रवार को सुबह 11 बजे से रायपुर स्थित मुख्य पोस्टमास्टर जनरल कार्यालय में किया जाएगा।

मुख्य पोस्टमास्टर जनरल, छत्तीसगढ़ परिमंडल कार्यालय के अनुसार, इन अदालतों में डाक कर्मचारियों की सेवा संबंधी शिकायतों, ग्रामीण डाक सेवकों के नियोजन से जुड़े मामलों और पेंशनरों की पेंशन भुगतान संबंधी समस्याओं की सुनवाई कर निराकरण किया जाएगा। इसके साथ ही आम उपभोक्ताओं की डाक सेवाओं से जुड़ी शिकायतों पर भी विचार किया जाएगा। इनमें डाक वस्तुओं के वितरण में देरी अथवा अन्य समस्याएं, डाकघर काउंटर सेवाएं, स्पीड पोस्ट और डाक जीवन बीमा (पीएलआई) से संबंधित शिकायतें शामिल हैं।

विभाग ने संबंधित डाक कार्मिकों, ग्रामीण डाक सेवकों, पेंशनरों और उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अपनी शिकायतें सभी आवश्यक विवरणों एवं संबंधित दस्तावेजों के साथ 2 दिसंबर 2026 को दोपहर 2 बजे तक मुख्य पोस्टमास्टर जनरल, छत्तीसगढ़ परिमंडल, रायपुर के कार्यालय में प्रस्तुत करें। निर्धारित समय-सीमा के बाद प्राप्त होने वाली शिकायतों को 4 दिसंबर को आयोजित अदालतों में शामिल नहीं किया जाएगा।

शिकायत प्रस्तुत करते समय आवेदकों को अपना नाम, पूरा पता, जिला, पिन कोड, मोबाइल नंबर और ई-मेल का उल्लेख करना अनिवार्य होगा, ताकि शिकायतों पर आवश्यक कार्रवाई की जा सके। अदालत का आयोजन रायपुर जीपीओ भवन की दूसरी मंजिल, जय स्तंभ चौक स्थित मुख्य पोस्टमास्टर जनरल कार्यालय में किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *