‘निधि आपके निकट 2.0’ अभियान के तहत नवंबर में विशेष जनसुनवाई एवं आउटरीच शिविरों का आयोजन
बुजुर्ग पेंशनधारकों को जिला स्तर पर मिलेगी सुविधा, पेंशन संबंधी शिकायतों का भी होगा त्वरित निराकरण
रायपुर, 25 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के पेंशनधारकों, कर्मचारियों और श्रमिकों को राहत देने के लिए कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) के क्षेत्रीय कार्यालय रायपुर द्वारा नवंबर माह में प्रदेश के सभी 33 जिलों में विशेष जनसुनवाई एवं आउटरीच शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। ‘निधि आपके निकट 2.0’ अभियान के तहत आयोजित इन शिविरों की प्रमुख थीम डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र (डीएलसी) का अद्यतन है। इसका उद्देश्य कर्मचारी पेंशन योजना (ईपीएस) के पेंशनधारकों का जीवन प्रमाण पत्र समय पर अपडेट कर उनकी मासिक पेंशन का निर्बाध भुगतान सुनिश्चित करना है।
पेंशनर एसोसिएशनों, श्रमिक संगठनों और स्थानीय पेंशनधारकों की मांग पर शुरू की गई इस पहल से विशेष रूप से बुजुर्गों को बड़ी सुविधा मिलेगी। शिविरों का आयोजन जिला पंचायतों, कलेक्ट्रेट कार्यालयों, कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) केंद्रों तथा अन्य चिन्हित प्रमुख स्थानों पर किया जा रहा है। इससे दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले पेंशनधारकों को जीवन प्रमाण पत्र जमा करने या अपडेट कराने के लिए रायपुर स्थित क्षेत्रीय कार्यालय तक आने की आवश्यकता नहीं होगी।
बायोमेट्रिक और फेस ऑथेंटिकेशन से बनेगा डिजिटल प्रमाण पत्र
शिविरों में ईपीएफओ के जिला नोडल अधिकारियों के सहयोग से आधार आधारित बायोमेट्रिक एवं फेस ऑथेंटिकेशन प्रणाली के माध्यम से डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र निःशुल्क स्वीकार और अपडेट किए जाएंगे। पेंशन से संबंधित विसंगतियों और शिकायतों का भी प्राथमिकता से निराकरण किया जाएगा।
संगठन की विशेष ‘प्रयास’ योजना के अंतर्गत पात्र सेवानिवृत्त कर्मचारियों को पेंशन भुगतान आदेश (पीपीओ) की प्रतियां भी मौके पर वितरित की जाएंगी। इस योजना के तहत पात्र कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति के दिन ही पेंशन भुगतान आदेश जारी करने की व्यवस्था है।
पीएफ और यूएएन से जुड़ी समस्याओं का भी होगा समाधान
इन शिविरों में केवल पेंशन संबंधी सेवाएं ही नहीं, बल्कि भविष्य निधि (पीएफ) निकासी, ऑनलाइन दावों, ई-नामांकन, सार्वभौमिक खाता संख्या (यूएएन) के सक्रियकरण तथा केवाईसी विवरण में सुधार से जुड़ी समस्याओं का भी निराकरण किया जाएगा। इसके अतिरिक्त नियोक्ताओं एवं प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधियों को नवीन अनुपालन प्रावधानों और ऑनलाइन पोर्टल के उपयोग के संबंध में मार्गदर्शन दिया जाएगा। सक्रिय कर्मचारियों की तकनीकी एवं प्रशासनिक समस्याओं के समाधान के लिए भी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
शिविर में ये दस्तावेज लेकर पहुंचें पेंशनधारक
ईपीएफओ ने पेंशनधारकों एवं सदस्यों से शिविर में आते समय आधार कार्ड, पेंशन भुगतान आदेश (पीपीओ) नंबर, बैंक खाते का विवरण, यूएएन तथा आधार से लिंक मोबाइल नंबर साथ लाने की अपील की है।
जो पेंशनधारक किसी कारणवश शिविर में उपस्थित नहीं हो सकते, वे निकटतम डाकघर, इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (आईपीपीबी), कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) अथवा अपनी पेंशन प्राप्त करने वाली बैंक शाखा के माध्यम से भी डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र अपडेट करा सकते हैं। जीवन प्रमाण की सुविधा ऑनलाइन माध्यम से भी उपलब्ध है। इसके लिए आधिकारिक पोर्टल https://jeevanpramaan.gov.in का उपयोग किया जा सकता है।
ईपीएफओ ने डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र की सुविधा को और सुलभ बनाने के लिए इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के साथ घर पहुंच सेवा भी शुरू की है। इसके तहत डाककर्मी आधार आधारित फेस ऑथेंटिकेशन या बायोमेट्रिक प्रणाली से पेंशनधारकों का जीवन प्रमाण पत्र तैयार करने में सहायता कर सकते हैं। छत्तीसगढ़ में यह सेवा पेंशनधारकों के लिए निःशुल्क उपलब्ध कराई गई है।

क्षेत्रीय कार्यालय रायपुर के कार्यालय प्रभारी एवं क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त जयवदन इंगले ने सभी पेंशनधारकों, कर्मचारियों, नियोक्ताओं एवं श्रमिक संगठनों से नवंबर माह में आयोजित ‘निधि आपके निकट 2.0’ शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने पेंशनधारकों से समय रहते अपना डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र अपडेट कराने का आग्रह किया, ताकि उनकी मासिक पेंशन का भुगतान बिना किसी बाधा के नियमित रूप से जारी रह सके।
