ऑक्सीजन और कार्बन मोनोऑक्साइड के स्तर की होगी रियल-टाइम निगरानी, प्रक्रिया नियंत्रण और परिचालन सुरक्षा को मिलेगी मजबूती
इंस्ट्रूमेंटेशन विभाग ने किया सफल कमीशनिंग, नई प्रणालियों से संभावित जोखिमों की समय रहते पहचान और सुरक्षित संचालन में मिलेगी मदद
भिलाई, 25 नवंबर 2026। भिलाई इस्पात संयंत्र के इंस्ट्रूमेंटेशन विभाग ने ब्लास्ट फर्नेस की नवनिर्मित एवं उन्नत कोल डस्ट इंजेक्शन (सीडीआई-6) प्रणाली के लिए दो अत्याधुनिक गैस एनालाइजर प्रणालियों का सफलतापूर्वक कमीशनिंग किया है। इन प्रणालियों की स्थापना से कोल डस्ट इंजेक्शन प्रक्रिया की निगरानी, प्रक्रिया नियंत्रण और परिचालन सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ बनाने में मदद मिलेगी।
आईपीयू योजना के अंतर्गत स्थापित इन प्रणालियों के माध्यम से कोल डस्ट इंजेक्शन प्रक्रिया में कार्बन मोनोऑक्साइड (सीओ) और ऑक्सीजन (ओ₂) के स्तर का ऑनलाइन मापन एवं निरंतर निगरानी की जा सकेगी। इससे गैसों के महत्वपूर्ण मापदंडों पर बेहतर नियंत्रण स्थापित होगा और प्रक्रिया का सुरक्षित एवं सुचारु संचालन सुनिश्चित करने में सहायता मिलेगी।

कोल डस्ट इंजेक्शन प्रक्रिया में ऑक्सीजन और कार्बन मोनोऑक्साइड के स्तर की सटीक निगरानी परिचालन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। नई गैस एनालाइजर प्रणालियों से प्राप्त रियल-टाइम डेटा के आधार पर परिचालन संबंधी निर्णय अधिक प्रभावी ढंग से लिए जा सकेंगे। साथ ही, संभावित जोखिमों की समय रहते पहचान कर आवश्यक एहतियाती कदम उठाने में भी सुविधा होगी।
इन गैस एनालाइजर प्रणालियों का उद्घाटन मुख्य महाप्रबंधक (आयरन) मनोज कुमार, मुख्य महाप्रबंधक (ब्लास्ट फर्नेस) विवेक वर्मा तथा मुख्य महाप्रबंधक (ए एंड डी) बी. मधु पिल्लई ने किया।
इस परियोजना की स्थापना एवं कमीशनिंग का कार्य महाप्रबंधक (इंस्ट्रूमेंटेशन) ए. एम. डैनी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इसमें उप महाप्रबंधक (इंस्ट्रूमेंटेशन) ए. एस. रेड्डी, ए. आनंद, इंस्ट्रूमेंटेशन विभाग एवं ब्लास्ट फर्नेस की पूरी टीम तथा उप महाप्रबंधक (ब्लास्ट फर्नेस) पवन वर्मा का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इसके सफल निष्पादन में पीपी एंड ई, एमएम-आईपीएम, सिविल इंजीनियरिंग विभाग तथा ब्लास्ट फर्नेस के विभिन्न अनुभागों का भी सराहनीय सहयोग प्राप्त हुआ।

दो अत्याधुनिक गैस एनालाइजर प्रणालियों का सफल कमीशनिंग भिलाई इस्पात संयंत्र में तकनीकी आधुनिकीकरण, उन्नत प्रक्रिया निगरानी और परिचालन सुरक्षा को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
