लोकभवन में मनाया गया संविधान दिवस

रायपुर, 26 नवंबर 2026। लोकभवन रायपुर में आज संविधान दिवस मनाया गया। संविधान दिवस के अवसर पर लोकभवन सचिवालय के अधिकारी-कर्मचारियों ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया। इस अवसर पर राज्यपाल की उप सचिव निधि साहू सहित सचिवालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने संविधान की उद्देशिका का वाचन कर संविधान के मूल आदर्शों, मूल्यों और सिद्धांतों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

उल्लेखनीय है कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारत के संविधान को अंगीकृत किया था। इसी ऐतिहासिक दिन की स्मृति में प्रतिवर्ष 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाता है। यह दिवस भारतीय लोकतंत्र, संवैधानिक मूल्यों और नागरिकों के अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का अवसर प्रदान करता है।

भारत के संविधान की उद्देशिका

संविधान की उद्देशिका भारतीय संविधान के मूल सिद्धांतों, शासन की प्रकृति और उसके प्रमुख उद्देश्यों का परिचय देती है। इसमें स्पष्ट किया गया है कि संविधान की शक्ति का स्रोत भारत की जनता है।

हम, भारत के लोग, भारत को एक संपूर्ण प्रभुत्व-संपन्न समाजवादी पंथनिरपेक्ष लोकतंत्रात्मक गणराज्य बनाने के लिए तथा उसके समस्त नागरिकों को सामाजिक, आर्थिक और राजनैतिक न्याय; विचार, अभिव्यक्ति, विश्वास, धर्म और उपासना की स्वतंत्रता; प्रतिष्ठा और अवसर की समता प्राप्त कराने के लिए तथा उन सबमें व्यक्ति की गरिमा और राष्ट्र की एकता और अखंडता सुनिश्चित करने वाली बंधुता बढ़ाने के लिए दृढ़संकल्प होकर अपनी इस संविधान सभा में आज तारीख 26 नवंबर, 1949 ई. (मिति मार्गशीर्ष शुक्ला सप्तमी, संवत् दो हजार छह विक्रमी) को एतद्द्वारा इस संविधान को अंगीकृत, अधिनियमित और आत्मार्पित करते हैं।

संविधान दिवस का आयोजन भारतीय संविधान के प्रति सम्मान प्रकट करने के साथ ही लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने और संवैधानिक दायित्वों के निर्वहन की प्रेरणा देता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *