नई दिल्ली, 27 नवंबर 2026। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कहा है कि हिंद महासागर क्षेत्र वैश्विक व्यापार, ऊर्जा सुरक्षा, संपर्क और आर्थिक समृद्धि के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस क्षेत्र में शांति, स्थिरता और सुरक्षा बनाए रखना तथा विकास के अनुकूल वातावरण तैयार करना सभी तटीय देशों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि बदलती वैश्विक परिस्थितियों में हिंद महासागर के देशों को आपसी सहयोग, समन्वय और साझा प्रयासों को और मजबूत करना होगा।
जयशंकर शुक्रवार को नई दिल्ली में हिंद महासागर तटीय क्षेत्रीय सहयोग संगठन (आईओआरए) की 25वीं मंत्रिपरिषद बैठक के उद्घाटन सत्र को संबोधित कर रहे थे। भारत की अध्यक्षता में आयोजित इस उच्चस्तरीय बैठक में हिंद महासागर क्षेत्र के सदस्य देशों और संवाद साझेदार देशों के प्रतिनिधि शामिल हुए। संगठन में 23 सदस्य देश और 12 संवाद साझेदार देश हैं।
विदेश मंत्री ने कहा कि हिंद महासागर क्षेत्र अपार विविधता, आर्थिक अवसरों और साझा चुनौतियों वाला क्षेत्र है। वैश्विक स्तर पर गंभीर चुनौतियों के बीच आईओआरए को अपनी सामूहिक आवाज मजबूत करने और एक समावेशी क्षेत्रीय मंच के रूप में अपनी भूमिका को अधिक प्रभावी बनाना चाहिए। इसके लिए सदस्य देशों के बीच बेहतर समन्वय, संवाद साझेदार देशों के साथ सार्थक सहयोग और व्यावहारिक साझेदारियों को बढ़ावा देना आवश्यक है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 से 2027 तक आईओआरए की भारतीय अध्यक्षता का विषय ‘हिंद महासागर क्षेत्र में नवाचार, खुलापन, लचीलापन और अनुकूलन क्षमता’ रखा गया है। यह विषय बदलती क्षेत्रीय और वैश्विक परिस्थितियों के अनुरूप संगठन को अधिक सक्षम बनाने तथा सदस्य देशों को ठोस लाभ पहुंचाने की भारत की सोच को दर्शाता है।
जयशंकर ने कहा कि भारत अपनी अध्यक्षता के दौरान संगठन के प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने, संवाद साझेदार देशों के साथ जुड़ाव मजबूत करने, व्यावहारिक क्षेत्रीय पहलों को प्रोत्साहित करने तथा संगठन की वित्तीय एवं संस्थागत क्षमताओं को सुदृढ़ करने पर विशेष ध्यान दे रहा है।
उन्होंने भारत के महासागर दृष्टिकोण ‘महासागर’ (MAHASAGAR) का उल्लेख करते हुए कहा कि इसका उद्देश्य क्षेत्रीय सुरक्षा और विकास के लिए पारस्परिक एवं समग्र प्रगति को बढ़ावा देना है। भारत एक खुले, समावेशी और नियम आधारित समुद्री व्यवस्था के पक्ष में है, जिसमें सभी देशों के हितों और विकास की संभावनाओं को महत्व मिले।
बैठक में विदेश मंत्री ने संगठन के पिछले अध्यक्ष के रूप में नेतृत्व प्रदान करने के लिए श्रीलंका की सराहना की और मॉरीशस का उपाध्यक्ष तथा भावी अध्यक्ष के रूप में स्वागत किया। उन्होंने कहा कि भारत साझा उद्देश्यों को आगे बढ़ाने के लिए श्रीलंका, मॉरीशस और अन्य सदस्य देशों के साथ मिलकर काम करने को प्रतिबद्ध है।

उल्लेखनीय है कि आईओआरए की स्थापना 7 मार्च 1997 को क्षेत्रीय सहयोग और सतत विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से की गई थी। भारत की अध्यक्षता में हो रही यह मंत्रिपरिषद बैठक हिंद महासागर क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा, आर्थिक सहयोग, संपर्क और साझा विकास के लिए नई संभावनाएं तलाशने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
