प्रधानमंत्री मोदी ने की 55वीं प्रगति बैठक की अध्यक्षता, 78 हजार करोड़ रुपये से अधिक की पांच बड़ी परियोजनाओं की समीक्षा

नई दिल्ली, 26 नवंबर 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 25 नवंबर को ‘प्रगति’ (प्रो-एक्टिव गवर्नेंस एंड टाइमली इम्प्लीमेंटेशन) की 55वीं बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में सड़क, विद्युत, कोयला और रेलवे क्षेत्रों की पांच महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की समीक्षा की गई। इन परियोजनाओं की कुल लागत 78 हजार करोड़ रुपये से अधिक है। प्रधानमंत्री ने स्पष्ट किया कि परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के साथ निर्माण की गुणवत्ता के उच्च मानक भी सुनिश्चित किए जाएं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि बुनियादी ढांचा परियोजनाओं में देरी का असर केवल लागत बढ़ने तक सीमित नहीं रहता, बल्कि इससे नागरिकों, उद्योगों और अर्थव्यवस्था को मिलने वाले अपेक्षित लाभ भी प्रभावित होते हैं। उन्होंने संबंधित केंद्रीय मंत्रालयों और राज्य सरकारों से लंबित समस्याओं का समाधान स्पष्ट जवाबदेही और व्यावहारिक समय-सीमा निर्धारित करके करने का आह्वान किया।

बिजली परियोजनाओं में विकेंद्रीकृत ऊर्जा उत्पादन पर जोर

विद्युत क्षेत्र की परियोजना की समीक्षा के दौरान प्रधानमंत्री ने विकेंद्रीकृत सौर और पवन ऊर्जा उत्पादन के नए मॉडल तलाशने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि जहां संभव हो, ऐसे ऊर्जा संयंत्रों को बिजली की खपत वाले केंद्रों के नजदीक विकसित किया जाना चाहिए। इसमें स्थानीय संसाधनों की उपलब्धता और क्षेत्रीय मांग को ध्यान में रखा जाए। इससे विश्वसनीय एवं किफायती बिजली उपलब्ध कराने के साथ विद्युत पारेषण व्यवस्था पर दबाव कम करने में मदद मिलेगी।

सड़क परियोजना की समीक्षा करते हुए प्रधानमंत्री ने कार्यान्वयन में तेजी लाने और केवल खर्च के बजाय वास्तविक परिणामों पर ध्यान केंद्रित करने की आवश्यकता बताई। वहीं, कोयला परियोजना के संबंध में उन्होंने कहा कि परियोजना का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के साथ प्रभावित परिवारों का पुनर्वास और पुनर्स्थापन भी समय पर तथा सम्मानजनक तरीके से किया जाना चाहिए।

पीएम-सेतु और आईटीआई व्यवस्था की समीक्षा

बैठक में प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री कौशल और रोजगार क्षमता परिवर्तन योजना (पीएम-सेतु) के क्रियान्वयन सहित देश के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) की व्यवस्था की व्यापक समीक्षा की। उन्होंने मुख्यमंत्रियों और मुख्य सचिवों से आईटीआई को मजबूत बनाने तथा उनके आधुनिकीकरण में उद्योगों की भागीदारी बढ़ाने के लिए नेतृत्वकारी भूमिका निभाने का आग्रह किया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि राज्य सरकारों, आईटीआई और उद्योग जगत के बीच निकट सहयोग से युवाओं को बेहतर प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा सकते हैं। उन्होंने सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (पीएसयू) से भविष्य में कुशल कर्मचारियों की आवश्यकता का आकलन करने तथा आईटीआई के साथ प्रशिक्षण एवं भर्ती के लिए मजबूत साझेदारी विकसित करने को कहा। पीएसयू को प्रशिक्षुओं के लिए व्यावहारिक प्रशिक्षण और अप्रेंटिसशिप के अवसर बढ़ाने तथा प्रशिक्षित आईटीआई युवाओं की भर्ती को प्राथमिकता देने का भी सुझाव दिया।

क्लासरूम-कंपनी-कैरियर का 3सी मॉडल

प्रधानमंत्री ने आईटीआई शिक्षा के लिए ‘क्लासरूम-कंपनी-कैरियर’ यानी 3सी दृष्टिकोण अपनाने पर बल दिया। इसके अंतर्गत कक्षा में सैद्धांतिक शिक्षा, उद्योगों में व्यावहारिक प्रशिक्षण और उसके बाद रोजगार एवं करियर में प्रगति को एकीकृत किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि कौशल प्रशिक्षण को स्थानीय औद्योगिक समूहों और विभिन्न क्षेत्रों की आवश्यकताओं के अनुरूप बनाया जाना चाहिए। आईटीआई के पाठ्यक्रम, प्रशिक्षण क्षमता और व्यावसायिक पाठ्यक्रमों को मौजूदा उद्योगों तथा प्रस्तावित निवेश की जरूरतों से जोड़ना आवश्यक है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि स्थानीय उद्योगों और आईटीआई के बीच बेहतर तालमेल से युवाओं को अपने घर के आसपास रोजगार मिल सकेगा। इससे मजबूरी में होने वाले पलायन में कमी आएगी और युवा अपने क्षेत्र के आर्थिक विकास में योगदान दे सकेंगे।

क्या है प्रगति मंच?

‘प्रगति’ केंद्र और राज्य सरकारों के बीच समन्वय स्थापित करने वाला सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी आधारित बहुआयामी मंच है। इसका उद्देश्य महत्वपूर्ण परियोजनाओं की निगरानी, प्रशासनिक बाधाओं का समाधान और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को गति देना है। 55वीं बैठक में बुनियादी ढांचे के विकास के साथ युवाओं के कौशल, रोजगार और उद्योगों की जरूरतों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने पर विशेष जोर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *