खेत बचाओ अभियान-रबी 2026 के तहत जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित
रायपुर, 27 नवंबर 2026/ भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) के अंतर्गत संचालित राष्ट्रीय जैविक स्ट्रेस प्रबंधन संस्थान (एनआईबीएसएम), रायपुर द्वारा खेत बचाओ अभियान-रबी 2026 के तहत जिला बेमेतरा के विकासखंड बेरला स्थित ग्राम पंचायत दगनिया-बी में किसान जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 30 किसानों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में संस्थान के वैज्ञानिक डॉ. विनोद कुमार वासनिक एवं डॉ. श्रवणी सान्याल ने किसानों को जैविक एवं प्राकृतिक खेती, जल संरक्षण, संतुलित उर्वरक प्रबंधन तथा धान फसल अवशेषों के वैज्ञानिक उपयोग के संबंध में जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि मृदा की उर्वरता एवं स्वास्थ्य को बनाए रखने के लिए जैविक खादों तथा प्राकृतिक खेती आधारित पद्धतियों को अपनाना आवश्यक है। वैज्ञानिकों ने खेतों में नमी संरक्षण, वर्षा जल के बेहतर उपयोग तथा उपलब्ध सिंचाई जल के दक्षतापूर्ण प्रबंधन की तकनीकों पर भी प्रकाश डाला। किसानों को मृदा परीक्षण के आधार पर संतुलित मात्रा में उर्वरकों के उपयोग की सलाह दी गई।
धान की पराली जलाने से होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए वैज्ञानिकों ने बताया कि इससे मिट्टी के लाभकारी सूक्ष्मजीव, जैविक कार्बन एवं आवश्यक पोषक तत्वों को नुकसान पहुंचता है तथा वायु प्रदूषण बढ़ता है। इसके विकल्प के रूप में किसानों को मल्चर एवं अन्य कृषि यंत्रों की सहायता से फसल अवशेषों को खेत में मिलाने के लिए प्रेरित किया गया, जिससे मृदा स्वास्थ्य में सुधार तथा नमी संरक्षण सुनिश्चित किया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित किसान-वैज्ञानिक संवाद में किसानों ने अपनी कृषि संबंधी समस्याओं एवं जिज्ञासाओं को साझा किया, जिनका वैज्ञानिकों द्वारा समाधान प्रस्तुत किया गया। साथ ही सफल किसानों के अनुभवों एवं सफलता की कहानियों के माध्यम से अन्य किसानों को टिकाऊ एवं जलवायु-अनुकूल कृषि पद्धतियां अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत दगनिया-बी के सरपंच गणेश साहू तथा कृषि विभाग के रजीत पांडेय, प्रदीप सिंह एवं ललित पैकरा उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि खेत बचाओ अभियान-रबी 2026 का उद्देश्य मृदा स्वास्थ्य संरक्षण, जल संसाधनों का कुशल उपयोग, संतुलित उर्वरक प्रबंधन, फसल अवशेषों का प्रभावी उपयोग तथा जलवायु-अनुकूल एवं टिकाऊ कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देना है। अभियान के माध्यम से धान आधारित कृषि प्रणाली में रबी फसलों के विस्तार को प्रोत्साहित कर किसानों की आय में वृद्धि तथा कृषि की दीर्घकालिक उत्पादकता को सुदृढ़ बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
