केंद्रीय एमएसएमई मंत्री जीतन राम मांझी कल रायपुर में राष्ट्रीय एससी-एसटी हब सम्मेलन में करेंगे शिरकत, एनएसएसएच कार्यालय का करेंगे उद्घाटन

सम्मेलन में इच्छुक उद्यमियों को संस्थागत मार्गदर्शन प्रदान करने के साथ उद्यम एवं जीईएम पंजीकरण में दी जाएगी सहायता

रायपुर, 27 नवंबर 2026/ सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय (एमएसएमई), भारत सरकार द्वारा 28 नवंबर 2026 को पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम, रायपुर (छत्तीसगढ़) में राष्ट्रीय एससी-एसटी हब सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। सम्मेलन का उद्देश्य उद्यमिता को बढ़ावा देना तथा राष्ट्रीय एससी-एसटी हब (एनएसएसएच) योजना एवं एमएसएमई मंत्रालय की विभिन्न योजनाओं और पहलों के प्रति जागरूकता फैलाना है। इस सम्मेलन में सीपीएसई, बैंक, वित्तीय संस्थान, गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस (जीईएम) तथा राज्य सरकार सहित विभिन्न प्रमुख हितधारक भाग लेंगे, जो वर्तमान एवं भावी उद्यमियों को मार्गदर्शन, हैंडहोल्डिंग तथा आवश्यक सहयोग प्रदान करेंगे। उक्त जानकारी डॉ. सुभ्रांशु शेखर आचार्य, अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी), नेशनल स्मॉल इंडस्ट्रीज कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एनएसआईसी) ने सम्मेलन के पूर्व रायपुर प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में दी।

सम्मेलन की अध्यक्षता जीतन राम मांझी, केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री करेंगे। इस एक दिवसीय कार्यक्रम में गुरु खुशवंत साहेब, मंत्री, अनुसूचित जाति विकास, कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार, छत्तीसगढ़ शासन तथा लखनलाल देवांगन, मंत्री, वाणिज्य एवं उद्योग, छत्तीसगढ़ शासन भी सहभागी होंगे।

राष्ट्रीय एससी-एसटी हब (एनएसएसएच) योजना का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अक्टूबर 2016 में किया गया था। योजना का उद्देश्य अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति उद्यमियों की क्षमता में वृद्धि करना तथा सार्वजनिक खरीद में उनकी भागीदारी को प्रोत्साहित करना है। इस योजना के अंतर्गत क्षमता निर्माण, बाजार संपर्क, वित्तीय सुविधा, निविदाओं में भागीदारी हेतु सहायता सहित विभिन्न प्रकार का सहयोग प्रदान किया जाता है। विशेष क्रेडिट लिंक्ड कैपिटल सब्सिडी योजना के तहत विनिर्माण एवं सेवा क्षेत्र की पात्र एससी/एसटी स्वामित्व वाली सूक्ष्म एवं लघु इकाइयों को संयंत्र, मशीनरी एवं उपकरणों की खरीद के लिए संस्थागत वित्त के माध्यम से 25 प्रतिशत तक, अधिकतम 25 लाख रुपये की सब्सिडी प्रदान की जाती है, जिससे तकनीकी उन्नयन एवं आधुनिकीकरण को बढ़ावा मिलता है।

एनएसएसएच योजना के प्रारंभ होने के बाद से एससी/एसटी स्वामित्व वाली सूक्ष्म एवं लघु इकाइयों से सार्वजनिक खरीद में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। योजना की पहुंच को छत्तीसगढ़ में और अधिक विस्तार देने के उद्देश्य से रायपुर के कचना क्षेत्र में एनएसएसएच कार्यालय का उद्घाटन किया जा रहा है। यह कार्यालय एक समर्पित सुविधा केंद्र के रूप में कार्य करेगा तथा एससी/एसटी स्वामित्व वाली सूक्ष्म एवं लघु इकाइयों को योजना के लाभ प्राप्त करने और सार्वजनिक खरीद में उनकी भागीदारी बढ़ाने के लिए मार्गदर्शन, हैंडहोल्डिंग एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध कराएगा।

सम्मेलन स्थल पर स्थापित विशेष सुविधा काउंटरों के माध्यम से एससी/एसटी उद्यमियों को जेम तथा उद्यम पंजीकरण पोर्टल पर पंजीकरण कराने में भी सहायता प्रदान की जाएगी।

खनिज संपदा से समृद्ध और एक महत्वपूर्ण औद्योगिक केंद्र के रूप में स्थापित छत्तीसगढ़ राज्य में एमएसएमई क्षेत्र के विकास की व्यापक संभावनाएं हैं। राज्य की कृषि एवं वन संपदा खाद्य प्रसंस्करण, वन आधारित उद्योगों तथा अन्य मूल्य संवर्धित उद्यमों के विकास के लिए अनुकूल अवसर प्रदान करती है। यह सम्मेलन वर्तमान एवं भावी उद्यमियों को संस्थागत मार्गदर्शन प्राप्त करने, उद्यम स्थापना एवं विस्तार की संभावनाओं का पता लगाने, रोजगार सृजन तथा आजीविका संवर्धन के अवसरों पर विचार-विमर्श करने का एक प्रभावी मंच उपलब्ध कराएगा। यह प्रयास विकसित भारत@2047 के विजन को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान देगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *