स्टील मेल्टिंग शॉप में 60 हीट टैपिंग, थिन स्लैब कास्टर में 10,177 टन क्रूड स्टील और हॉट स्ट्रिप मिल में 10,058 टन हॉट रोल्ड कॉइल का रिकॉर्ड उत्पादन
एनएमडीसी स्टील लिमिटेड (एनएसएल) के नगरनार स्टील प्लांट ने 27 नवंबर 2026 को एक ही दिन में उत्पादन के तीन महत्वपूर्ण क्षेत्रों में अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दर्ज करते हुए नए कीर्तिमान स्थापित किए। संयंत्र ने स्टील मेल्टिंग शॉप में सर्वाधिक हीट टैपिंग, थिन स्लैब कास्टर में सर्वाधिक क्रूड स्टील उत्पादन और हॉट स्ट्रिप मिल में सर्वाधिक हॉट रोल्ड कॉइल उत्पादन का रिकॉर्ड बनाया।
इस उपलब्धि के तहत स्टील मेल्टिंग शॉप ने 27 नवंबर को 60 हीट टैपिंग दर्ज की, जबकि इससे पहले 31 मार्च 2026 को 57 हीट टैपिंग का रिकॉर्ड बना था। इसी दिन थिन स्लैब कास्टर में 10,177 टन क्रूड स्टील का उत्पादन हुआ, जिसने एक दिन पहले दर्ज 9,997 टन के पिछले रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। वहीं, हॉट स्ट्रिप मिल ने 10,058 टन हॉट रोल्ड (एचआर) कॉइल का उत्पादन कर नया दैनिक रिकॉर्ड बनाया। इससे पहले 14 मार्च 2026 को 10,016 टन उत्पादन का रिकॉर्ड दर्ज किया गया था।

इस दिन थिन स्लैब कास्टर में 10,177 टन क्रूड स्टील का उत्पादन एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि का आधार बना। इसके साथ ही नगरनार स्टील प्लांट ने अपनी स्थापना के बाद से कुल छह मिलियन टन क्रूड स्टील उत्पादन का आंकड़ा भी पार कर लिया।
उत्पादन के इन तीनों क्षेत्रों में सर्वश्रेष्ठ एकल-दिवसीय प्रदर्शन विभिन्न सहायक इकाइयों, विशेषकर रॉ मटेरियल हैंडलिंग यूनिट, कोक ओवन कॉम्प्लेक्स और सिंटर प्लांट के समन्वित सहयोग से संभव हुआ। इससे पहले 19 नवंबर 2026 को सिंटर प्लांट ने 12 मिलियन टन सिंटर का संचयी उत्पादन हासिल किया था। इसी दिन रॉ मटेरियल हैंडलिंग यूनिट ने संयंत्र की स्थापना के बाद से 14 मिलियन टन बेस मिक्स के संचयी उत्पादन का आंकड़ा पार किया था। वहीं, 25 नवंबर को कोक ओवन कॉम्प्लेक्स ने पांच मिलियन टन संचयी ग्रॉस कोक उत्पादन का लक्ष्य हासिल किया।

नगरनार स्टील प्लांट के कार्यकारी निदेशक एवं प्रमुख प्रमोद कुमार ने इस उपलब्धि पर पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने टीम के निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए एनएमडीसी स्टील को नई ऊंचाइयों तक ले जाने तथा इसे देश के लिए गौरव का केंद्र बनाने के लिए सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए इसी प्रतिबद्धता के साथ कार्य जारी रखने का आह्वान किया।
