एनआईटी रायपुर में डाक विभाग के 40 अधिकारियों को व्यावसायिक विकास एवं विपणन कौशल का प्रशिक्षण

छत्तीसगढ़ डाक परिमंडल के मध्य-स्तरीय प्रबंधन अधिकारियों के लिए तीन दिवसीय क्षमता निर्माण कार्यक्रम आयोजित

राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी), रायपुर में डाक विभाग के प्रबंधन अधिकारियों के लिए व्यावसायिक विकास एवं विपणन कौशल विषय पर तीन दिवसीय क्षमता निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम 26 से 28 नवंबर 2026 तक आयोजित किया गया। एनआईटी रायपुर के निदेशक तथा छत्तीसगढ़ डाक परिमंडल के मुख्य पोस्टमास्टर जनरल कार्यालय की स्वीकृति से आयोजित इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ डाक परिमंडल के 40 मध्य-स्तरीय प्रबंधन अधिकारियों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इनमें सहायक डाक अधीक्षक तथा डाक निरीक्षक शामिल थे।

प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य अधिकारियों की व्यावसायिक विकास, विपणन रणनीतियों और प्रबंधकीय दक्षताओं को सुदृढ़ करना था, ताकि वे बदलते बाजार परिवेश में उपलब्ध व्यावसायिक अवसरों का प्रभावी उपयोग करते हुए डाक विभाग की सेवाओं एवं कारोबारी गतिविधियों का विस्तार कर सकें।

कार्यक्रम के विभिन्न सत्रों में एनआईटी रायपुर के डॉ. अनूप तिवारी एवं डॉ. मानवेंद्र त्रिपाठी, पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय (आरएसयू) के डॉ. जी. के. देशमुख तथा भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी), भिलाई की डॉ. श्रीलक्ष्मी ने विशेषज्ञ वक्ता के रूप में प्रशिक्षण प्रदान किया। डाक विभाग की ओर से एन. के. राजपाल, सौरभ असाटी, सेल्वा एवं अरविंद बर्गे ने भी अपने अनुभव एवं व्यावहारिक सुझाव साझा किए।

डॉ. प्रियंका त्रिपाठी एवं डॉ. राकेश त्रिपाठी ने प्रशिक्षण कार्यक्रम का समन्वय किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *