मवेशियों की अवैध तस्करी पर रेंगाखार पुलिस का शिकंजा, तीन आरोपी गिरफ्तार

चार मवेशियों को कराया गया मुक्त, बोलेरो पिकअप सहित 6.80 लाख रुपये की संपत्ति जब्त

कवर्धा। छत्तीसगढ़ में मवेशियों के अवैध परिवहन और पशुओं के प्रति क्रूरता के मामलों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में कबीरधाम जिले की रेंगाखार थाना पुलिस ने मवेशियों का अवैध परिवहन करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार मवेशियों को मुक्त कराने के साथ ही तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे बोलेरो पिकअप वाहन को भी जब्त किया है। जब्त वाहन और मवेशियों की कुल अनुमानित कीमत 6 लाख 80 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जिले में पशुओं की अवैध बिक्री, तस्करी और उनके प्रति क्रूरता करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार एवं अमित कुमार पटेल के मार्गदर्शन में लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत रेंगाखार पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक बोलेरो पिकअप वाहन में मवेशियों को क्रूरतापूर्वक भरकर मध्यप्रदेश की ओर ले जाया जा रहा है।

सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने ग्राम घानीखूंटा स्थित घानीखूंटा तिराहे के पास घेराबंदी कर संदिग्ध बोलेरो पिकअप क्रमांक CG-04 LM-5058 को रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान वाहन में दो भैंस, एक भैंसा और एक भैंस का बच्चा यानी कुल चार मवेशी ठूंस-ठूंसकर भरे हुए मिले। मवेशियों के लिए वाहन में दाना-पानी की भी कोई समुचित व्यवस्था नहीं थी। इस तरह उन्हें अमानवीय परिस्थितियों में परिवहन किया जा रहा था।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने मवेशियों को अवैध रूप से बिक्री करने और वध के उद्देश्य से मध्यप्रदेश की ओर ले जाने की बात बताई। पुलिस ने जब मवेशियों के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे तो आरोपी कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर ही तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मवेशियों को उनके कब्जे से मुक्त कराया।

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान लगभग 6 लाख रुपये कीमत का बोलेरो पिकअप वाहन, 60 हजार रुपये कीमत की दो भैंस, 20 हजार रुपये कीमत का एक भैंसा तथा एक पड़वा जब्त किया। इस प्रकार जब्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत 6 लाख 80 हजार रुपये आंकी गई है। मुक्त कराए गए मवेशियों को सुरक्षित संरक्षण उपलब्ध कराने की कार्रवाई भी की गई।

इस मामले में थाना रेंगाखार में अपराध क्रमांक 29/2026 दर्ज किया गया है। आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 6 एवं 10 तथा पशुओं के प्रति क्रूरता का निवारण अधिनियम, 1960 की धारा 11 के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।

पशुओं के अवैध परिवहन पर पुलिस की नजर

कबीरधाम पुलिस द्वारा पशुओं की अवैध तस्करी, गैरकानूनी बिक्री और उनके साथ क्रूरता के मामलों को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि उनके आसपास पशुओं के अवैध परिवहन अथवा उनके प्रति क्रूरता से जुड़ी कोई गतिविधि दिखाई देती है तो तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर पशुओं को सुरक्षित बचाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *