मजबूत अधोसंरचना और उद्योग अनुकूल नीतियों से तेजी से आगे बढ़ रहा छत्तीसगढ़ : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

रायपुर, 1 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय राजधानी रायपुर के लाभांडी स्थित एक निजी कन्वेंशन सेंटर में आयोजित सीजी टेंट एंड डेकोर एक्सपो-2026 में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण करने के साथ देशभर से आए टेंट एवं इवेंट उद्योग से जुड़े प्रतिनिधियों से संवाद किया।

मुख्यमंत्री ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे एक्सपो उद्योगों को नई दिशा देने, आधुनिक तकनीकों से जोड़ने और व्यापारिक अवसरों के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ आज उद्योग और व्यापार के लिए देश के अनुकूल राज्यों में तेजी से उभर रहा है। राज्य सरकार की नई उद्योग नीति को देश-विदेश में सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है और निवेशकों का विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है।

उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य ऐसा वातावरण तैयार करना है, जहां उद्योग, व्यापार और उद्यमिता को समान रूप से बढ़ावा मिले तथा युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध हों। मुख्यमंत्री ने सीजी टेंट एंड डेकोर एक्सपो-2026 को नवाचार, कौशल विकास और व्यावसायिक साझेदारी का प्रभावी मंच बताया।

तीन दिवसीय आयोजन में देश के विभिन्न राज्यों से आए विशेषज्ञ, निर्माता, सप्लायर और व्यवसायी अपने अनुभव, तकनीक और नए उत्पाद साझा कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे छत्तीसगढ़ के स्थानीय व्यवसायियों को आधुनिक उपकरणों, नवीन डिजाइनों और बदलते बाजार की जरूरतों को समझने का अवसर मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि टेंट और इवेंट उद्योग तेजी से आधुनिक स्वरूप ग्रहण कर रहा है। आधुनिक तकनीक, आकर्षक डिजाइन, बेहतर प्रबंधन और गुणवत्ता इस क्षेत्र की नई पहचान बन चुके हैं। ऐसे आयोजन स्थानीय उद्यमियों को राष्ट्रीय स्तर का अनुभव प्रदान करते हैं और उनके व्यवसाय को अधिक प्रतिस्पर्धी एवं मजबूत बनाने में मदद करते हैं।

उन्होंने कहा कि टेंट एवं इवेंट उद्योग अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है। विवाह समारोहों से लेकर सामाजिक, धार्मिक, सांस्कृतिक और शासकीय आयोजनों तक इस क्षेत्र की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। यह उद्योग केवल टेंट और सजावट की व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों के जीवन के महत्वपूर्ण अवसरों को सुंदर, व्यवस्थित और गरिमापूर्ण स्वरूप प्रदान करता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस क्षेत्र से हजारों युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार मिल रहा है। ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में बड़ी संख्या में लोग इस व्यवसाय से जुड़े हैं। महिलाओं द्वारा स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से टेंट व्यवसाय और संबंधित गतिविधियों से जुड़कर आर्थिक आत्मनिर्भरता हासिल करने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि लखपति दीदी अभियान से लाभान्वित अनेक महिलाएं टेंट एवं संबंधित गतिविधियों को आजीविका का माध्यम बना रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस प्रकार के एक्सपो से छोटे और मध्यम टेंट व्यवसायियों को आधुनिक मशीनों, उपकरणों, सजावटी सामग्री, डिजिटल प्रबंधन और कारोबार विस्तार के नए अवसरों की जानकारी मिलेगी। इससे वे अपने व्यवसाय को अधिक व्यवस्थित और लाभकारी बना सकेंगे।

छत्तीसगढ़ की भौगोलिक स्थिति को व्यापार और लॉजिस्टिक्स के लिहाज से महत्वपूर्ण बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सड़क, रेल और हवाई संपर्क को लगातार मजबूत कर रही है। उन्होंने कहा कि मजबूत अधोसंरचना निवेश, उद्योग और रोजगार का सबसे बड़ा आधार है। प्रदेश के 32 रेलवे स्टेशनों का अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकास किया जा रहा है। साथ ही, कटघोरा-डोंगरगढ़ रेल लाइन परियोजना को आगे बढ़ाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। इससे आवागमन, व्यापार, पर्यटन और औद्योगिक विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री ने आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए विश्वास जताया कि सीजी टेंट एंड डेकोर एक्सपो-2026 छत्तीसगढ़ के टेंट एवं इवेंट उद्योग को नई पहचान देने के साथ स्थानीय उद्यमियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करेगा।

कार्यक्रम को विधायक अमर अग्रवाल ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर टेंट ओनर्स वेलफेयर एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विपुल सिंह, प्रदेश अध्यक्ष अमरजीत सिंह दुआ सहित एसोसिएशन के पदाधिकारी, देशभर से आए टेंट एवं इवेंट उद्योग से जुड़े व्यवसायी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *