रायपुर। जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए छत्तीसगढ़ प्रदेश शौण्डिक समाज ने रायपुर रेलवे स्टेशन पर मरीजों और जरूरतमंद यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे प्रशासन को स्ट्रेचर भेंट किया। इस स्ट्रेचर का उपयोग स्टेशन पर बीमार अथवा अस्वस्थ यात्रियों को लाने-ले जाने में किया जाएगा।
रायपुर रेलवे स्टेशन परिसर में आयोजित कार्यक्रम में स्टेशन प्रबंधक आर. पी. मंडल, मंडल रेलवे के टीटीई सहित रेलवे के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ प्रदेश शौण्डिक समाज के संस्थापक संयोजक श्याम गुप्ता, संस्थापक सलाहकार ओमप्रकाश गुप्ता, प्रदेश अध्यक्ष शिवरतन प्रसाद गुप्ता, प्रथम उपाध्यक्ष सुरेश प्रसाद गुप्ता, संरक्षक मंडल के सदस्य सुभाष साहू और अशोक गुप्ता सहित समाज के अनेक पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। समाज की ओर से स्टेशन प्रबंधक आर. पी. मंडल को स्ट्रेचर सौंपा गया।

इस अवसर पर समाज के प्रदेश अध्यक्ष शिवरतन प्रसाद गुप्ता ने कहा कि समाज का उद्देश्य सामाजिक सरोकारों के साथ जरूरतमंद लोगों की सेवा करना है। रेलवे स्टेशन पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री आते-जाते हैं। ऐसे में किसी यात्री के बीमार पड़ने या अस्वस्थ होने की स्थिति में स्ट्रेचर अत्यंत उपयोगी साबित होगा। समाज द्वारा किया गया यह प्रयास जनसेवा को ही नारायण सेवा मानने की भावना से प्रेरित है।

स्टेशन प्रबंधक आर. पी. मंडल ने छत्तीसगढ़ प्रदेश शौण्डिक समाज की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि जरूरतमंद यात्रियों की सुविधा और मानवता की सेवा के लिए किया गया यह कार्य सराहनीय है। उन्होंने कहा कि सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है और समाज की इस पहल से रेलवे स्टेशन पर मरीजों एवं अस्वस्थ यात्रियों को तत्काल सहायता मिल सकेगी।

कार्यक्रम में रोटरी क्लब रायपुर के पूर्व अध्यक्ष उत्तम गर्ग विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समाज के प्रमुख सलाहकार ओमप्रकाश गुप्ता ने कार्यक्रम के अंत में आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर समाज के पदाधिकारी दीपक गुप्ता, जयराम, मुकेश गुप्ता सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

यह जानकारी छत्तीसगढ़ प्रदेश शौण्डिक समाज के प्रदेश अध्यक्ष शिवरतन प्रसाद गुप्ता ने दी।
