रायपुर 10 अगस्त 2026/ हाथों में लहराता तिरंगा, भारत माता के जयघोष, देशभक्ति के गीत और राष्ट्रप्रेम से ओतप्रोत हजारों नागरिकों का उत्साह—राजधानी रायपुर आज पूरी तरह तिरंगे के रंग में रंगी नजर आई। बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम से सुभाष स्टेडियम तक निकली भव्य तिरंगा यात्रा में हजारों नागरिक राष्ट्रध्वज के तले एकजुट हुए।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्वयं हाथ में तिरंगा थामकर जनसैलाब के साथ कदम से कदम मिलाया। यात्रा में युवाओं, महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों, पूर्व सैनिकों और विभिन्न सामाजिक वर्गों के लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था। स्कूली विद्यार्थियों द्वारा हाथों में थामा गया लगभग एक किलोमीटर लंबा तिरंगा पूरे आयोजन का विशेष आकर्षण रहा।

तिरंगा यात्रा के शुभारंभ से लेकर समापन तक राजधानी में राष्ट्रभक्ति का अद्भुत वातावरण दिखाई दिया। हजारों हाथों में एक साथ लहराते राष्ट्रीय ध्वज और भारत माता के जयघोष ने पूरे यात्रा मार्ग को राष्ट्रप्रेम की भावना से भर दिया। नागरिकों में मुख्यमंत्री के साथ चलने और राष्ट्रध्वज के सम्मान में आयोजित इस यात्रा का हिस्सा बनने को लेकर विशेष उत्साह दिखाई दिया।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि तिरंगा हमारी आन, बान और शान है। यह केवल हमारा राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि भारत की एकता, अखंडता, स्वाभिमान और असंख्य बलिदानों का प्रतीक है। तिरंगे में देश के 140 करोड़ भारतीयों को एक सूत्र में बांधने की अद्भुत शक्ति है। अलग-अलग भाषाओं, संस्कृतियों, परंपराओं और क्षेत्रों की विविधता के बावजूद तिरंगा सभी को भारतीय होने के साझा गौरव से जोड़ता है।

उन्होंने कहा कि जब तिरंगा लहराता है तो प्रत्येक भारतीय के मन में राष्ट्र के प्रति गौरव और सम्मान का भाव जागृत होता है। हमारा राष्ट्रीय ध्वज स्वतंत्रता आंदोलन के संघर्ष, स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और एक सशक्त राष्ट्र के रूप में भारत की यात्रा का साक्षी है। तिरंगा हमें अपने अधिकारों के साथ राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का भी स्मरण कराता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान व्यापक जनअभियान का स्वरूप ले चुका है। उन्होंने प्रदेशवासियों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों में पूरे सम्मान और गौरव के साथ तिरंगा फहराने तथा तिरंगा यात्राओं से जुड़कर राष्ट्रीय एकता के इस उत्सव को और भव्य बनाने का आह्वान किया।
उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करते हुए कहा कि आज हम जिस स्वतंत्र भारत में गर्व और सम्मान के साथ जीवन जी रहे हैं, वह स्वतंत्रता सहज रूप से प्राप्त नहीं हुई। इसके पीछे लाखों देशवासियों का संघर्ष, त्याग, तपस्या और बलिदान जुड़ा हुआ है। नई पीढ़ी को स्वतंत्रता के वास्तविक मूल्य और इसके लिए किए गए संघर्ष से परिचित कराना हम सभी की जिम्मेदारी है।

मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ के स्वतंत्रता संग्राम के महानायकों का स्मरण करते हुए शहीद वीर नारायण सिंह और बस्तर के महान जननायक गुण्डाधुर को नमन किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती वीरों, जननायकों और बलिदानियों की धरती रही है। इन महानायकों की शौर्यगाथा नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर हिंसा और भय के लंबे दौर को पीछे छोड़कर शांति, विश्वास और विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है। सुरक्षा बलों के साहस, सरकार की दृढ़ इच्छाशक्ति और क्षेत्रवासियों के सहयोग से नक्सलवाद के विरुद्ध लड़ाई निर्णायक दौर में पहुंची है। बस्तर के गांवों और दूरस्थ अंचलों में भी इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह के साथ मनाया जाएगा और तिरंगा पूरे गौरव के साथ लहराएगा।

तिरंगा यात्रा में स्कूली छात्र-छात्राओं ने लगभग एक किलोमीटर लंबे तिरंगे को हाथों में थामकर अनुशासित पंक्तियों में यात्रा की। यात्रा मार्ग में जगह-जगह नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। लोग अपने घरों और प्रतिष्ठानों से तिरंगा लहराकर राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान व्यक्त करते नजर आए।
भारत माता की जय, वंदे मातरम् और झंडा ऊंचा रहे हमारा के उद्घोष से पूरा रायपुर गूंज उठा। बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम से सुभाष स्टेडियम तक चारों ओर तिरंगा ही तिरंगा दिखाई दे रहा था। हजारों हाथों में लहराते तिरंगों के बीच राजधानी ने एक स्वर में राष्ट्र सर्वोपरि का संदेश दिया।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि तिरंगा स्वतंत्रता सेनानियों और राष्ट्रनायकों के त्याग एवं बलिदान के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि रायपुर के कोने-कोने से बड़ी संख्या में युवा तिरंगा यात्रा में शामिल हुए, जो नई पीढ़ी के भीतर मजबूत राष्ट्रप्रेम की भावना को दर्शाता है।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि तिरंगा राष्ट्रीय अस्मिता, गौरव और एकता का प्रतीक है। तिरंगा यात्रा देश के प्रति सम्मान और राष्ट्रभक्ति की सामूहिक अभिव्यक्ति है। उन्होंने प्रदेशवासियों से स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों में पूरे सम्मान के साथ तिरंगा फहराने और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।
तिरंगा यात्रा में कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी रजवाड़े, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, सांसद रूप कुमारी चौधरी, विधायक राजेश मूणत, सुनील सोनी, अनुज शर्मा, इंद्र कुमार साहू, मोतीलाल साहू, पुरंदर मिश्रा, महापौर मीनल चौबे, निगम-मंडल-आयोगों के अध्यक्षगण सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, पूर्व सैनिक, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।
