अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर राष्ट्र ने किया नमन, सदैव अटल स्मारक पर राष्ट्रपति-प्रधानमंत्री ने अर्पित की श्रद्धांजलि

नई दिल्ली, 16 अगस्त 2026। पूर्व प्रधानमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर आज पूरा देश उन्हें श्रद्धापूर्वक याद कर रहा है। राष्ट्र निर्माण, सुशासन, लोकतांत्रिक मूल्यों और जनसेवा के प्रति उनके योगदान को स्मरण करते हुए विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और नागरिकों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। अटल बिहारी वाजपेयी का निधन 16 अगस्त 2018 को हुआ था।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नई दिल्ली स्थित वाजपेयी के स्मारक ‘सदैव अटल’ पहुंचकर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की। इस अवसर पर पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष नितिन नवीन सहित अनेक प्रमुख नेता उपस्थित रहे।

अटल बिहारी वाजपेयी देश के तीन बार प्रधानमंत्री रहे। उनका पहला कार्यकाल वर्ष 1996 में 13 दिनों का रहा। इसके बाद उन्होंने 1998 से 1999 तक प्रधानमंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाली। वर्ष 1999 में वे दोबारा प्रधानमंत्री बने और 2004 तक अपना पूर्ण कार्यकाल पूरा किया। उनके नेतृत्व में भारत ने राष्ट्रीय सुरक्षा, आधारभूत संरचना, कूटनीति और आर्थिक विकास के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कदम उठाए।

वाजपेयी के प्रधानमंत्रित्व काल में भारत ने पोखरण में परमाणु परीक्षण कर दुनिया के सामने अपनी सामरिक क्षमता का प्रदर्शन किया। कारगिल युद्ध के दौरान उनके नेतृत्व में देश ने दृढ़ता के साथ चुनौती का सामना किया। वहीं, उनकी सरकार ने सड़क और संपर्क व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में भी कई महत्वपूर्ण पहल कीं।

राजनीति में अटल बिहारी वाजपेयी की पहचान एक ऐसे नेता के रूप में रही, जिन्होंने लोकतांत्रिक मूल्यों और संवाद को हमेशा महत्व दिया। वे प्रभावशाली वक्ता और संवेदनशील कवि भी थे। उनके भाषणों में राष्ट्रहित के साथ-साथ मानवीय संवेदनाओं की स्पष्ट झलक दिखाई देती थी।

उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी की विरासत राष्ट्र के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी रहेगी। राष्ट्र निर्माण, समावेशी नेतृत्व और राष्ट्रीय गौरव के प्रति उनकी प्रतिबद्धता आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि भारत की प्रगति में उनका योगदान अतुलनीय है। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने वाजपेयी को जनसेवा और राष्ट्र के प्रति समर्पण का प्रतीक बताया और कहा कि उनका जीवन भविष्य में भी देश का मार्गदर्शन करता रहेगा।

गृह मंत्री अमित शाह ने भी पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने अपना सर्वस्व राष्ट्रसेवा में समर्पित कर दिया। परमाणु परीक्षण और कारगिल युद्ध के माध्यम से उन्होंने भारत की शक्ति का परिचय कराया, वहीं मूल्य आधारित राजनीति के जरिए अंत्योदय और सुशासन की अवधारणा को मजबूती दी।

वर्ष 2015 में अटल बिहारी वाजपेयी को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘भारत रत्न’ से सम्मानित किया गया था। उनकी पुण्यतिथि पर देश उन्हें एक महान राष्ट्रनायक, कुशल राजनेता और जनसेवा के लिए समर्पित व्यक्तित्व के रूप में श्रद्धापूर्वक नमन कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *