राज्य स्तरीय पावरलिफ्टिंग में मोहला-मानपुर के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन, 16 पदकों के साथ जीती टीम चैंपियनशिप

मोहला-मानपुर, 18 अगस्त 2026। धमतरी में आयोजित राज्य स्तरीय पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में मोहला-मानपुर जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया। जिले की ओर से द फिटनेस पाठशाला जिम, अंबागढ़ चौकी से जुड़े 14 खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के दम पर कुल 16 पदक अपने नाम किए। इनमें 7 स्वर्ण, 8 रजत और 1 कांस्य पदक शामिल हैं। उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर मोहला-मानपुर जिले की टीम ने टीम चैंपियनशिप का खिताब भी अपने नाम किया।

प्रतियोगिता में जिले के खिलाड़ियों ने अलग-अलग वर्गों में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। पंकज नेताम ने स्वर्ण पदक हासिल किया। खुशी धालेंद्र ने दो स्वर्ण पदक जीतकर जिले को गौरवान्वित किया और छत्तीसगढ़ जूनियर बेस्ट लिफ्टर का खिताब भी अपने नाम किया। रवि कुमार ने एक स्वर्ण पदक हासिल किया, जबकि चिन्मय ने दो स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। साहिल निराला ने एक स्वर्ण और एक कांस्य पदक हासिल किया।

इसके अलावा गजेंद्र, रेश्मी, रीत, डेजी, करण, सजल शिवहरे, बिलाल और निखिल पटवा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किए। खिलाड़ियों के इस सामूहिक प्रदर्शन ने जिले की पदक तालिका को मजबूत किया और टीम चैंपियनशिप जीतने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

जिले की युवा खिलाड़ी आनिया खान ने भी अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है। उनका स्कूल गेम्स वेटलिफ्टिंग में संभाग स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। उनकी यह उपलब्धि जिले में खेल प्रतिभाओं के लगातार उभरने का प्रमाण है। खिलाड़ियों की इस सफलता से जिले के खेल जगत में उत्साह का माहौल है। खेल प्रेमियों और जिलेवासियों ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार उपलब्धि हासिल करने के बाद जिले के खिलाड़ियों और कोच शाहरुख खान ने कलेक्टर तुलिका प्रजापति से सौजन्य भेंट की। इस दौरान खिलाड़ियों ने धमतरी में आयोजित प्रतियोगिता में हासिल किए गए 16 पदकों और टीम चैंपियनशिप अवॉर्ड की जानकारी कलेक्टर को दी।

खिलाड़ियों की उपलब्धि पर कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी खिलाड़ियों और कोच शाहरुख खान को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें उपहार भी प्रदान किए। कलेक्टर ने कहा कि जिले के युवा खिलाड़ियों की उपलब्धियां अन्य युवाओं को भी खेलों के प्रति प्रेरित करती हैं और नियमित अभ्यास, अनुशासन तथा मेहनत से खिलाड़ी राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन कर सकते हैं।

इस दौरान खिलाड़ियों और कोच ने जिले में पावरलिफ्टिंग सहित अन्य खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने से संबंधित आवश्यक मांगें भी कलेक्टर के समक्ष रखीं। कलेक्टर ने खिलाड़ियों की मांगों को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्यवाही करने तथा उन्हें पूरा करने की दिशा में सहयोग का आश्वासन दिया।

जिला प्रशासन से मिले प्रोत्साहन और सहयोग से खिलाड़ियों में नई ऊर्जा का संचार हुआ। खिलाड़ियों और कोच ने कलेक्टर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह का सम्मान और प्रोत्साहन उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करता है। जिले के खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से आने वाले समय में राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन की उम्मीदें भी बढ़ी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *