राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस पर रीजनल साइंस सेंटर में विविध कार्यक्रम

रायपुर, 23 अगस्त 2026/ राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस 2026 के अवसर पर छत्तीसगढ़ रीजनल साइंस सेंटर रायपुर में विद्यार्थियों और युवाओं में अंतरिक्ष विज्ञान के प्रति जिज्ञासा, वैज्ञानिक दृष्टिकोण एवं रचनात्मकता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को भारत की अंतरिक्ष यात्रा, अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में देश की उपलब्धियों और भविष्य की संभावनाओं से परिचित कराया गया।

कार्यक्रम में इसरो के नेशनल रिमोट सेंसिंग सेंटर, रीजनल साइंस सेंटर नागपुर के वैज्ञानिक मिमलिंद चाडोकर, छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के वैज्ञानिक-ई एम.के. बेग तथा छत्तीसगढ़ रीजनल साइंस सेंटर एवं छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के महानिदेशक प्रशांत कविश्वर शामिल हुए। वैज्ञानिकों एवं विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों से अपने अनुभव साझा किए और अंतरिक्ष विज्ञान के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी।

प्रशांत कविश्वर ने विद्यार्थियों को वैज्ञानिक सोच विकसित करने, जिज्ञासु बने रहने तथा विज्ञान एवं नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने चंद्रयान मिशन सहित भारत की अंतरिक्ष उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।

मिमलिंद चाडोकर ने ‘इंडियाज स्पेस प्रोग्राम: पास्ट, प्रजेंट, फ्यूचर’ विषय पर व्याख्यान देते हुए भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम की विकास यात्रा, महत्वपूर्ण उपलब्धियों और भविष्य की संभावनाओं की जानकारी दी। वहीं एम.के. बेग ने ‘एप्लीकेशन ऑफ सेटेलाइट टेक्नोलॉजी फॉर द डेवलपमेंट ऑफ छत्तीसगढ़’ विषय पर व्याख्यान देकर कृषि, प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन, पर्यावरण एवं विकास के क्षेत्र में उपग्रह तकनीक की उपयोगिता बताई।

कार्यक्रम में ‘इंडियाज स्पेस जर्नी: थुम्बा से चंद्रमा और उससे आगे’ विषय पर पोस्टर प्रदर्शनी एवं प्रस्तुतीकरण प्रतियोगिता आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने भारत की अंतरिक्ष यात्रा, भविष्य के अंतरिक्ष मिशनों और सतत विकास में अंतरिक्ष विज्ञान की भूमिका को पोस्टरों के माध्यम से रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया। निर्णायक मंडल में डॉ. त्रिभुवन सिंह, अमित कुमार मेश्राम और डॉ. अमित राम शामिल रहे।

प्रतियोगिता में बी.पी. पुजारी शासकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय की नेहा कोसले ने प्रथम, सावित्री बाई फुले एजुकेशनल एकेडमी की स्नेहा पांडेय ने द्वितीय तथा पं. गिरिजा शंकर मिश्रा स्कूल की सविता चक्रधारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। लीना साहू, डेविड चालक और यशिका वर्मा को भी सम्मानित किया गया। विजेता विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान किए गए।

कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के 150 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। पोस्टर प्रदर्शनी एवं प्रस्तुतीकरण के माध्यम से विद्यार्थियों ने भारत की अंतरिक्ष यात्रा, उपलब्धियों और भविष्य की संभावनाओं को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *