रायपुर, 23 अगस्त 2026। सौर ऊर्जा को भविष्य की ऊर्जा बताते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ सौर ऊर्जा के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रदेश में मार्च 2027 तक 5 लाख घरों में सोलर पैनल लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत अब तक लगभग 95 हजार घर सौर ऊर्जा से रोशन हो चुके हैं।

रायपुर के पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में छत्तीसगढ़ सोलर वेलफेयर एसोसिएशन के दो दिवसीय ‘संवाद’ कार्यक्रम के समापन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सौर ऊर्जा के विस्तार से छत्तीसगढ़ ऊर्जा आत्मनिर्भरता के साथ हरित भविष्य की ओर बढ़ रहा है। प्रदेश में ऊर्जा क्षेत्र में करीब 3.50 लाख करोड़ रुपये के एमओयू हुए हैं, जिनसे लगभग 30 हजार मेगावाट अतिरिक्त उत्पादन क्षमता विकसित होने की संभावना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 4 हजार मेगावाट ग्रीन एनर्जी उत्पादन का लक्ष्य रखा गया है, जो वर्ष 2070 तक भारत को नेट जीरो कार्बन उत्सर्जन वाला देश बनाने के राष्ट्रीय संकल्प में महत्वपूर्ण योगदान देगा। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत 1 किलोवाट संयंत्र पर केंद्र और राज्य सरकार की ओर से कुल 45 हजार रुपये तक तथा 3 किलोवाट संयंत्र पर लगभग 1.08 लाख रुपये की सब्सिडी उपलब्ध है।
उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा रोजगार और स्वरोजगार का भी नया माध्यम बन रही है। महिला स्व-सहायता समूहों की महिलाएं सोलर वेंडर के रूप में हितग्राहियों के घरों में संयंत्र स्थापित कर रही हैं। प्रदेश में 2 लाख 82 हजार स्व-सहायता समूहों से 30 लाख से अधिक महिलाएं जुड़ी हैं और 13 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि घरों, कृषि और सिंचाई में सौर ऊर्जा के अधिकतम उपयोग से पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों पर निर्भरता कम की जा सकती है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में लगभग ढाई लाख सिंचाई पंप सौर ऊर्जा से ऊर्जीकृत किए जा चुके हैं।
विधायक पुरंदर मिश्रा ने नागरिकों से प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का अधिक से अधिक लाभ लेने का आग्रह किया। छत्तीसगढ़ सोलर वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष संतोष मिश्रा ने कहा कि ‘संवाद’ कार्यक्रम ने सौर ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े उद्योगों, वेंडर्स, वित्तीय संस्थाओं और महिला स्व-सहायता समूहों को एक मंच प्रदान किया है।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर सोलर उद्योगों के स्टॉलों का अवलोकन किया तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाली संस्थाओं, बैंकों और व्यक्तियों को सम्मानित किया। उन्होंने छत्तीसगढ़ सोलर वेलफेयर एसोसिएशन की डायरेक्टरी का विमोचन भी किया।
