नशामुक्त युवा, विकसित भारत का संकल्प: राजनांदगांव में जागरूकता कार्यक्रम और चित्र प्रदर्शनी आयोजित

राजनांदगांव। युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने और उन्हें राष्ट्र निर्माण की दिशा में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से राजनांदगांव में ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ संकल्प अभियान के तहत वार्तालाप एवं चित्र प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के केंद्रीय संचार ब्यूरो, रायपुर के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में नशामुक्ति, युवा शक्ति और विकसित भारत के निर्माण में मीडिया की भूमिका सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।

कार्यक्रम में युवाओं से नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की गई। वक्ताओं ने कहा कि देश की युवा शक्ति राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत है। युवा यदि नशे से दूर रहकर शिक्षा, कौशल, रोजगार और सामाजिक गतिविधियों से जुड़ें, तो वे विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।

इस अवसर पर नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के अधीक्षक अनिल कुमार, दिग्विजय महाविद्यालय के प्राध्यापक शंकर मुनि राय, शहर के दैनिक समाचार पत्रों के प्रधान संपादक और मीडिया जगत से जुड़े प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

पत्र सूचना कार्यालय (PIB) के उप निदेशक रमेश जायभाये ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए देश के प्रत्येक युवा की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।

दिग्विजय महाविद्यालय के प्राध्यापक शंकर मुनि राय और दैनिक दावा के प्रधान संपादक दीपक बुद्धदेव ने भी कार्यक्रम को महत्वपूर्ण बताते हुए युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने की अपील की।

‘नशा छोड़ो, भारत जोड़ो’ थीम पर प्रदर्शनी

कार्यक्रम के दौरान ‘नशा छोड़ो, भारत जोड़ो’ विषय पर चित्र प्रदर्शनी लगाई गई। प्रदर्शनी के माध्यम से नशे के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों को दर्शाया गया। अतिथियों और प्रतिभागियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और नशामुक्त समाज के महत्व को समझा।

कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आयोजित की गईं, जिनके माध्यम से प्रतिभागियों ने नशामुक्ति और सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया।

आयोजन के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने, स्वस्थ एवं जिम्मेदार नागरिक बनने तथा जनभागीदारी के साथ नशामुक्त युवा और विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने का संदेश दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *