दिल्ली पब्लिक स्कूल चाम्पा में आरोग्य उत्सव एवं जैविक कृषि कार्यक्रम

जांजगीर-चांपा। चाम्पा स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल में ‘आरोग्य उत्सव एवं जैविक कृषि कार्यक्रम’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली, पौष्टिक आहार, जैविक खेती और मानसिक स्वास्थ्य के महत्व से अवगत कराया गया।

आयोजन के दौरान विद्यार्थियों ने मिलेट्स, जैविक कृषि, योग, संगीत और तनाव प्रबंधन जैसे विषयों पर आकर्षक स्टॉल और प्रस्तुतियां तैयार कीं। बच्चों ने स्टॉल के माध्यम से मिलेट्स के पोषण संबंधी लाभ, जैविक खेती की उपयोगिता और प्राकृतिक जीवनशैली के महत्व की जानकारी अतिथियों, शिक्षकों और स्कूल स्टाफ को दी।

कार्यक्रम में योग एवं संगीत प्रस्तुतियों के जरिए शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने का संदेश दिया गया। विद्यार्थियों ने तनावपूर्ण परिस्थितियों में सकारात्मक सोच बनाए रखने और स्वयं को प्रेरित रखने के उपाय भी प्रस्तुत किए।

कृषि विज्ञान के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. के.डी. महंत ने कहा कि आरोग्य उत्सव केवल स्वास्थ्य जागरूकता तक सीमित नहीं है, बल्कि यह विद्यार्थियों में स्वस्थ सोच और सकारात्मक मानसिकता विकसित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि जैविक खेती मिट्टी के स्वास्थ्य को बनाए रखने के साथ स्वच्छ एवं पौष्टिक खाद्य उपलब्ध कराने में सहायक है। इसी तरह योग, संतुलित जीवनशैली और प्रकृति से जुड़ाव मानसिक स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण हैं।

उन्होंने कहा कि स्वस्थ मिट्टी से स्वस्थ अन्न और स्वस्थ जीवन से स्वस्थ समाज का निर्माण होता है। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों तक स्वास्थ्य एवं प्रकृति के प्रति जागरूकता का संदेश पहुंचाया गया।

आरोग्य उत्सव में विद्यार्थियों द्वारा लगाई गई मिलेट्स एवं जैविक कृषि प्रदर्शनी, योग प्रदर्शन, संगीत प्रस्तुति और विभिन्न विषयों पर लगाए गए स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहे। विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता, ज्ञान और प्रस्तुति कौशल का प्रदर्शन करते हुए सीखने की प्रक्रिया को व्यावहारिक और रोचक बनाया।

दृश्य: विद्यार्थियों द्वारा लगाए गए विभिन्न स्टॉल, मिलेट्स एवं जैविक कृषि की प्रदर्शनी, योग प्रदर्शन, संगीत प्रस्तुति तथा अतिथियों को जानकारी देते विद्यार्थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *