कोरबा। जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण नदी-नाले और जलप्रपात उफान पर हैं। इसी बीच देवपहरी जलप्रपात में अचानक जलस्तर बढ़ने से तीन युवक तेज बहाव के बीच एक टापू पर फंस गए। सूचना मिलते ही पुलिस और नगर सेना की रेस्क्यू टीम ने अभियान चलाकर तीनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले के अनुसार, तीनों युवक पिकनिक मनाने देवपहरी पहुंचे थे। बारिश के दौरान वे जलप्रपात के पास स्थित टापू की ओर चले गए। वहां फोटो और वीडियो बनाने के दौरान अचानक पानी का बहाव तेज हो गया, जिससे तीनों युवक टापू पर ही फंस गए और वापस लौटना संभव नहीं रहा।

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और नगर सेना की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन अंधेरा होने के कारण रात में रेस्क्यू अभियान शुरू नहीं किया जा सका। सुबह करीब 6 बजे बचाव अभियान शुरू किया गया। करीब 10 घंटे की मशक्कत के बाद रेस्क्यू टीम ने तीनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
प्रतिबंध के बावजूद जोखिम वाले स्थानों पर पहुंच रहे पर्यटक
कोरबा जिले में पिछले एक सप्ताह से लगातार बारिश हो रही है। इसके चलते नदी-नालों और जलप्रपातों में पानी का बहाव तेज हो गया है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वन विभाग ने पिकनिक स्पॉट और जलप्रपातों में पर्यटकों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया है। इसके बावजूद कुछ लोग फोटो और रील बनाने के लिए प्रतिबंधित एवं जोखिम वाले स्थानों तक पहुंच रहे हैं।
देवपहरी की यह घटना बारिश के मौसम में जलप्रपातों और नदी-नालों के आसपास जाने के खतरे को उजागर करती है। पुलिस और प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे प्रतिबंधित और खतरनाक स्थानों से दूरी बनाए रखें तथा फोटो या रील बनाने के लिए अपनी जान जोखिम में न डालें।
