कांकेर में उजियारा अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई, बाड़ी में उगाए 850 गांजे के पौधे बरामद; आरोपी गिरफ्तार

कांकेर। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे उजियारा अभियान के तहत कांकेर पुलिस ने अवैध गांजा खेती के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। भानुप्रतापपुर थाना क्षेत्र के ग्राम भरसा तरहुल में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके घर की बाड़ी से गांजा के 850 छोटे-बड़े पौधे बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, 26 अगस्त 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि भरसा तरहुल निवासी एक व्यक्ति अपने घर की बाड़ी में अरहर और अन्य फसलों के बीच अवैध रूप से गांजा के पौधे उगा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध को हिरासत में लिया।

पूछताछ में आरोपी की पहचान सुभाष कोरेटी, उम्र 40 वर्ष, निवासी भरसा तरहुल के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने उसके घर की बाड़ी की तलाशी ली, जहां अरहर और अन्य फसलों के बीच गांजा के पौधे लगाए मिले।

पुलिस ने मौके से कुल 850 गांजा पौधे जब्त किए, जिनका कुल वजन 8 किलो 660 ग्राम बताया गया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 4 लाख 30 हजार रुपये है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *