राजनांदगांव में स्वाइन फ्लू और कोविड के बढ़ते मामलों से स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, 15 दिनों में मिले 7 स्वाइन फ्लू मरीज

राजनांदगांव जिले में स्वाइन फ्लू और कोविड-19 के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर है। पिछले करीब 15 दिनों में जिले में स्वाइन फ्लू के सात मरीज सामने आए हैं, जबकि एक कोविड पॉजिटिव मरीज की भी पहचान हुई है। बदलते मौसम के बीच अस्पतालों की ओपीडी में सर्दी, खांसी और बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ रही है।

मेडिकल कॉलेज अस्पताल के प्रवक्ता डॉक्टर पवन जेठानी के अनुसार, वर्तमान में दो स्वाइन फ्लू संक्रमित मरीजों और एक कोविड पॉजिटिव मरीज का उपचार मेडिकल कॉलेज अस्पताल में किया जा रहा है। अस्पताल में दोनों संक्रमणों से निपटने के लिए अलग-अलग वार्ड की व्यवस्था की गई है।

स्वास्थ्य विभाग ने कोविड-19 और स्वाइन फ्लू से बचाव को लेकर एडवाइजरी जारी करते हुए लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। सर्दी, खांसी, बुखार या गले में खराश जैसे लक्षण होने पर भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी गई है। खांसते या छींकते समय मुंह और नाक को रूमाल, टिश्यू या कोहनी से ढकने तथा साबुन-पानी से नियमित रूप से हाथ धोने या आवश्यकता के अनुसार हैंड सैनिटाइजर का उपयोग करने कहा गया है।

स्वास्थ्य विभाग ने गर्भवती महिलाओं, छोटे बच्चों, बुजुर्गों तथा गंभीर बीमारियों से पीड़ित और कमजोर प्रतिरक्षा वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। साथ ही, स्वास्थ्य संबंधी लक्षण दिखाई देने पर स्वयं दवा लेने के बजाय नजदीकी शासकीय स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकीय परामर्श और आवश्यक जांच कराने की अपील की गई है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करने और समय पर उपचार लेने की अपील की है। SHABD

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *