रायपुर, 06 अक्टूबर 2026/ छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के पंडित चक्रपाणी शुक्ल हाई स्कूल मैदान में 3 से 6 अक्टूबर तक आयोजित चार दिवसीय 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का मंगलवार को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ भव्य समापन हुआ। शैक्षणिक पांचों संभागों से पहुंचे खिलाड़ियों ने बैंड की धुन पर आकर्षक मार्च पास्ट किया। समारोह के मुख्य अतिथि स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने ध्वज अवरोहण कर प्रतियोगिता के समापन की विधिवत घोषणा की तथा विभिन्न खेल विधाओं के विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत एवं सम्मानित किया। शानदार प्रदर्शन के दम पर रायपुर संभाग ने ओवरऑल चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया। इस अवसर पर मंत्री ने बलौदाबाजार में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) खोलने की बड़ी घोषणा भी की।

खेलों से बढ़ती है सांस्कृतिक समझ
खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि खेल केवल शारीरिक और मानसिक विकास का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इनके जरिए बच्चों को विभिन्न क्षेत्रों की संस्कृति, खान-पान और रहन-सहन को समझने का अवसर भी मिलता है। उन्होंने कहा कि 22 जुलाई से 31 अक्टूबर तक चलने वाली खेल गतिविधियों का उद्देश्य विद्यार्थियों को अलग-अलग जिलों की संस्कृति से परिचित कराना भी है। उन्होंने खिलाड़ियों को हार-जीत को खेल भावना से लेने की सीख देते हुए कहा कि हार से निराश होने के बजाय अपनी कमियों को पहचानकर उन्हें दूर करने का प्रयास करना चाहिए।
मंत्री ने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा राष्ट्रीय खेलों में शामिल किए गए कुराश खेल की प्रतियोगिता भी इसी आयोजन के तहत बलौदाबाजार में कराई गई। इससे विद्यार्थियों को पारंपरिक एवं आधुनिक खेल विधाओं में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला।

रग्बी और नेटबॉल में रायपुर का दबदबा
प्रतियोगिता के प्रमुख परिणामों में रग्बी के 14 वर्ष बालक और बालिका दोनों वर्गों में रायपुर संभाग ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। बस्तर संभाग दूसरे और दुर्ग संभाग तीसरे स्थान पर रहा। नेटबॉल के 19 वर्ष बालक एवं बालिका दोनों वर्गों में भी रायपुर संभाग ने बाजी मारी। बिलासपुर संभाग ने दूसरा और दुर्ग संभाग ने तीसरा स्थान हासिल किया।
कुराश में अलग-अलग संभागों का शानदार प्रदर्शन
कुराश के 14 वर्ष बालक वर्ग में दुर्ग संभाग प्रथम, सरगुजा द्वितीय और रायपुर तृतीय स्थान पर रहा। बालिका वर्ग में रायपुर प्रथम, बिलासपुर द्वितीय और दुर्ग तृतीय रहे। 17 वर्ष बालक वर्ग में रायपुर प्रथम, सरगुजा द्वितीय और दुर्ग तृतीय स्थान पर रहा, जबकि बालिका वर्ग में दुर्ग ने प्रथम, बिलासपुर ने द्वितीय और रायपुर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 19 वर्ष बालक वर्ग में रायपुर प्रथम, सरगुजा द्वितीय और दुर्ग तृतीय रहा। इसी आयु वर्ग के बालिका वर्ग में बिलासपुर प्रथम, दुर्ग द्वितीय और रायपुर तृतीय स्थान पर रहा।

चार दिवसीय राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे स्कूली खिलाड़ियों ने खेल प्रतिभा, अनुशासन और खेल भावना का प्रदर्शन किया। समापन समारोह में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने आयोजन को विशेष आकर्षण प्रदान किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल, पूर्व विधायक डॉ. सनम जांगड़े, भारत स्काउट गाइड के राज्य उपाध्यक्ष विजय केशरवानी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष पवन साहू, कलेक्टर बलौदाबाजार-भाटापारा, एसपी आनंद यादव, राकेश ध्रुव सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

