रायपुर, 06 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ में त्रिस्तरीय पंचायत आम एवं उप निर्वाचन 2026 की तैयारियां तेज हो गई हैं। राज्य निर्वाचन आयोग ने पूरे प्रदेश में फोटोयुक्त मतदाता सूची तैयार करने का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया है। इसके तहत ग्राम पंचायत, जनपद पंचायत और जिला पंचायत स्तर पर मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया निर्धारित समय-सारणी के अनुसार पूरी की जाएगी। आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के मुताबिक मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 30 नवंबर 2026 को किया जाएगा। यह प्रक्रिया प्रदेश के सभी संबंधित पंचायत क्षेत्रों में लागू होगी।
राज्य निर्वाचन आयोग की सचिव शिखा राजपूत तिवारी द्वारा 29 सितंबर 2026 को जारी आदेश के अनुसार पंचायत निर्वाचन के लिए तैयार होने वाली फोटोयुक्त मतदाता सूची 1 अक्टूबर 2026 की संदर्भ तिथि पर भारत निर्वाचन आयोग की विधानसभा मतदाता सूची के आधार पर तैयार की जाएगी। इसके लिए संबंधित क्षेत्रों के परिसीमन के अनुसार मतदाताओं की वार्डवार मार्किंग और सॉफ्टवेयर के माध्यम से संबंधित वार्ड में मतदाताओं का स्थानांतरण किया जाएगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 5 अक्टूबर तक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों की नियुक्ति और कर्मचारियों का प्रशिक्षण पूरा किया जाना है। 6 अक्टूबर तक विधानसभा की अद्यतन मतदाता सूची जिला कार्यालयों को उपलब्ध कराई जाएगी। इसके बाद 9 अक्टूबर तक परिसीमन के आधार पर वार्डवार मार्किंग, 12 अक्टूबर तक मतदाताओं को संबंधित वार्ड में शिफ्ट करने तथा 13 और 14 अक्टूबर को चेकलिस्ट तैयार कर त्रुटियों में सुधार की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। 16 अक्टूबर तक सूची मुद्रण के लिए जिला कार्यालय को सौंपे जाने और 21 अक्टूबर तक मतदाता सूची का मुद्रण पूरा करने का कार्यक्रम है।
इसके बाद 23 अक्टूबर से मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन किया जाएगा और नागरिकों से दावे-आपत्तियां आमंत्रित की जाएंगी। दावे-आपत्ति प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 30 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे तक निर्धारित की गई है। प्राप्त दावे-आपत्तियों का निराकरण 3 नवंबर तक किया जाएगा। इसके बाद प्ररूप क-1 में दावा प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 11 नवंबर और इन दावों के निराकरण की समय-सीमा 13 नवंबर निर्धारित की गई है। निराकरण के पांच दिन के भीतर अपील प्रस्तुत की जा सकेगी।
कार्यक्रम के अगले चरण में 19 नवंबर तक स्वीकृत संशोधनों की सॉफ्टवेयर में एंट्री की जाएगी। 27 नवंबर तक अनुपूरक मतदाता सूची का मुद्रण पूरा किया जाएगा। इसके बाद 30 नवंबर 2026 को पूरे प्रदेश में संबंधित पंचायत क्षेत्रों की फोटोयुक्त मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।
मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम को आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारियों की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। प्रदेश में पंचायत निर्वाचन के साथ नगरीय निकाय निर्वाचन की तैयारियां भी समानांतर रूप से आगे बढ़ रही हैं। नगरीय निकायों की मतदाता सूची के लिए भी 30 नवंबर तक की समय-सीमा निर्धारित किए जाने से चुनावी तैयारियों को लेकर गतिविधियां तेज हुई हैं। हालांकि, पंचायत और नगरीय निकाय चुनाव दिसंबर 2026 में एक साथ कराए जाएंगे या नहीं, इसकी अंतिम पुष्टि निर्वाचन कार्यक्रम जारी होने के बाद ही होगी। फिलहाल राज्य निर्वाचन आयोग का पूरा जोर मतदाता सूचियों को समयबद्ध, त्रुटिरहित और अद्यतन तैयार करने पर है।

प्रदेशभर में पंचायत चुनाव से जुड़े क्षेत्रों में अब मतदाता सूची के प्रारंभिक प्रकाशन के बाद नागरिकों को अपने नाम, पते और संबंधित वार्ड की जानकारी जांचने का अवसर मिलेगा। निर्वाचन आयोग ने दावा-आपत्तियों की प्रक्रिया के माध्यम से मतदाता सूची में संभावित त्रुटियों को दूर करने की व्यवस्था भी तय की है। अंतिम प्रकाशन के साथ पंचायत निर्वाचन की तैयारियों का एक महत्वपूर्ण चरण पूरा हो जाएगा।
