महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और ग्रामीण विकास को मिलेगी नई गति
रायपुर, 25 जुलाई 2026। वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने शनिवार को कोण्डागांव जिले के मर्दापाल में नवनिर्मित ग्राम पंचायत भवन और महतारी सदन का लोकार्पण किया। लगभग 12 लाख रुपये की लागत से निर्मित ग्राम पंचायत भवन और लगभग 25 लाख रुपये की लागत से तैयार महतारी सदन को उन्होंने ग्रामीणों को समर्पित किया। इन दोनों भवनों के निर्माण से क्षेत्र में पंचायत स्तर पर प्रशासनिक कार्यों को बेहतर गति मिलने के साथ ही ग्रामीण महिलाओं की गतिविधियों को भी नया मंच उपलब्ध होगा।

महतारी सदन ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण का महत्वपूर्ण केंद्र
लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान वन मंत्री केदार कश्यप ने महतारी सदन में बिहान स्व-सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं से संवाद किया। उन्होंने महिलाओं से उनकी आजीविका गतिविधियों, स्व-सहायता समूहों के माध्यम से किए जा रहे कार्यों और समूह से जुड़ने के बाद उनकी आय में हुए बदलाव की जानकारी ली।
महिलाओं ने बताया कि स्व-सहायता समूहों से जुड़ने के बाद उन्हें रोजगार और आय के नए अवसर मिल रहे हैं। समूह के माध्यम से वे विभिन्न आर्थिक गतिविधियों में भागीदारी कर अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।
इस अवसर पर वन मंत्री ने कहा कि महतारी सदन ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण का महत्वपूर्ण केंद्र है। राज्य सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि लखपति दीदी और ड्रोन दीदी जैसी योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को रोजगार, स्वरोजगार और आय के नए अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इन योजनाओं का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाकर उन्हें आर्थिक गतिविधियों से जोड़ना है।

ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा महतारी सदन
वन मंत्री केदार कश्यप ने महिलाओं से फलदार पौधों का रोपण, पशुपालन और अन्य आयवर्धक गतिविधियों को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग कर परिवार की आय को बढ़ाया जा सकता है। यदि फलदार पौधों का रोपण, पशुपालन और अन्य आजीविका गतिविधियों को मेहनत, लगन और बेहतर योजना के साथ किया जाए, तो इससे ग्रामीण परिवारों की आर्थिक स्थिति में सकारात्मक बदलाव आ सकता है।
उन्होंने कहा कि स्व-सहायता समूहों के माध्यम से महिलाएं सामूहिक रूप से आगे बढ़ रही हैं और अपने लिए नए अवसर तैयार कर रही हैं। महतारी सदन ऐसी गतिविधियों को एक बेहतर मंच उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह केंद्र महिला स्व-सहायता समूहों की गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ ही ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में उपयोगी साबित होगा।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष रीता शोरी, जनपद पंचायत अध्यक्ष अनीता कोर्राम, जिला पंचायत सदस्य यशोदा कश्यप, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष टोमेंद्र ठाकुर, जनपद सदस्य कौशल्या कोर्राम, जयमती कश्यप, रामूराम कोर्राम, रामचन्द्र कश्यप, रामकुमार कोर्राम, रमेश सेठिया, आसमन कोर्राम, लक्ष्मीकांत बेलसरिया, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के जिला प्रबंधक विनय सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
