बगिया निवास में परिवार के साथ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मनाई दीपावली, दिनभर रहा उत्सवी माहौल

प्रधानमंत्री के बस्तर दौरे को बताया गौरवशाली और ऐतिहासिक अवसर, कहा- भय और हिंसा से निकलकर शांति, विकास और विश्वास की राह पर बढ़ रहा बस्तर

जशपुरनगर, 9 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दीपावली का पावन पर्व अपने गृह निवास बगिया में परिवार के साथ हर्षोल्लास, आत्मीयता और पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया। दीपोत्सव के अवसर पर मुख्यमंत्री निवास में दिनभर उत्सवी माहौल बना रहा। जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने बगिया पहुंचकर मुख्यमंत्री से मुलाकात की और उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने अपनी धर्मपत्नी कौशल्या साय और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ दीपावली की खुशियां साझा कीं। उन्होंने निवास परिसर में दीप प्रज्ज्वलित कर सुख-समृद्धि और मंगलकामना के साथ दीपोत्सव मनाया। इस दौरान परिवार के सदस्यों के साथ फुलझड़ियां और अनार जलाकर त्योहार का आनंद लिया। दीपों की जगमगाहट और आतिशबाजी से पूरा परिसर उत्सव के रंग में सराबोर रहा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने प्रदेशवासियों को दीपावली की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दीपावली केवल दीपों का त्योहार नहीं, बल्कि आशा, विश्वास, प्रेम और सद्भाव का महापर्व है। यह पर्व हमें अंधकार से प्रकाश की ओर बढ़ने, असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश देता है। साथ ही सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारे और एकता की भावना को मजबूत करने की प्रेरणा देता है।

उन्होंने कामना की कि दीपावली का प्रकाश छत्तीसगढ़ के प्रत्येक घर-आंगन में सुख, शांति, स्वास्थ्य और समृद्धि लेकर आए। प्रदेश निरंतर विकास और उन्नति के नए आयाम स्थापित करे तथा प्रत्येक नागरिक के जीवन में खुशहाली आए।

लोगों की समस्याएं सुनीं, अधिकारियों को दिए त्वरित निराकरण के निर्देश

दीपावली की शुभकामनाएं देने पहुंचे नागरिकों ने मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी समस्याएं और विभिन्न मांगें भी रखीं। मुख्यमंत्री साय ने सभी की बातें गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों और प्रकरणों पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। शासन का प्रयास है कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े।

प्रधानमंत्री के बस्तर दौरे को बताया ऐतिहासिक और गौरव का क्षण

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बस्तर दौरे पर आभार व्यक्त करते हुए इसे पूरे बस्तर संभाग और छत्तीसगढ़ के लिए गौरवपूर्ण एवं ऐतिहासिक अवसर बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का बस्तर पहुंचकर सुरक्षा बलों के जवानों के साथ दीपावली मनाना जवानों के मनोबल को बढ़ाने वाला और प्रदेशवासियों के लिए गर्व का विषय है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कभी नक्सलवाद के भय और हिंसा से प्रभावित रहने वाला बस्तर अब नक्सलमुक्ति की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। यह बदलते छत्तीसगढ़ की तस्वीर है, जहां बंदूक और हिंसा के स्थान पर शांति, विकास, विश्वास और खुशहाली का वातावरण बन रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में राज्य सरकार सुरक्षा और विकास को साथ लेकर आगे बढ़ रही है। बस्तर में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, संचार और रोजगार के अवसरों का विस्तार हो रहा है। जनजातीय समाज के जीवन में सकारात्मक बदलाव आ रहा है और क्षेत्र की नई पहचान उभर रही है।

मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि बस्तर आने वाले समय में विकास, पर्यटन, संस्कृति और समृद्धि का प्रमुख केंद्र बनेगा। प्रधानमंत्री का बस्तर आगमन इस परिवर्तन को नई ऊर्जा देने वाला अवसर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *