बोमडिला, 09 नवंबर 2026। भगवान शाक्यमुनि बुद्ध के पवित्र अवशेष कल अरुणाचल प्रदेश के बोमडिला स्थित थुबचोग गात्सेल लिंग (टीजीएल) मठ (लोअर गोम्पा) पहुंच गए। मठ में विधिवत प्रतिष्ठापित किए गए इन पवित्र अवशेषों के दर्शन 13 नवंबर 2026 तक आम जनता के लिए उपलब्ध रहेंगे। इस आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। सार्वजनिक दर्शन के पहले दिन लगभग 4,000 श्रद्धालुओं ने मठ पहुंचकर भगवान बुद्ध के पवित्र अवशेषों के दर्शन किए और प्रार्थना कर श्रद्धा अर्पित की।

इस प्रदर्शनी का आयोजन भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय द्वारा राष्ट्रीय संग्रहालय, नई दिल्ली, अरुणाचल प्रदेश सरकार और इंटरनेशनल बुद्धिस्ट कॉन्फेडरेशन (आईबीसी), नई दिल्ली के सहयोग से किया जा रहा है। आयोजन का उद्देश्य भगवान बुद्ध की ऐतिहासिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत से लोगों को परिचित कराना तथा बौद्ध परंपरा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
पवित्र अवशेषों को भारतीय वायु सेना के चिनूक हेलीकॉप्टर के माध्यम से तवांग से बोमडिला लाया गया। इस दौरान आईबीसी के उप महासचिव भिक्खु खेमाचारा तथा संस्कृति मंत्रालय, राष्ट्रीय संग्रहालय और आईबीसी के अधिकारी भी साथ रहे। रूपा स्थित सेना के हेलीपैड पर अरुणाचल प्रदेश सरकार के शिक्षा, पर्यटन, ग्रामीण कार्य विभाग और सार्वजनिक पुस्तकालय मंत्री पासंग दोरजी सोना ने निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार पवित्र अवशेषों का स्वागत किया। इस अवसर पर भारतीय सेना की ओर से गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया।

हेलीपैड से पवित्र अवशेषों को बोमडिला ले जाया गया। रास्ते में अपर गोम्पा में संक्षिप्त धार्मिक एवं औपचारिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके बाद अवशेषों को थुबचोग गात्सेल लिंग मठ (लोअर गोम्पा) में प्रतिष्ठापित किया गया। प्रतिष्ठापन के पश्चात मुख्य अतिथि मंत्री पासंग दोरजी सोना और पद्मश्री से सम्मानित 12वें गुरु त्रुलकु रिनपोछे की उपस्थिति में दो विशेष प्रदर्शनियों का उद्घाटन किया गया।
अंतर्राष्ट्रीय बौद्ध परिसंघ और राष्ट्रीय संग्रहालय, नई दिल्ली द्वारा आयोजित इन प्रदर्शनियों में बौद्ध धर्म तथा भगवान बुद्ध के पवित्र अवशेषों से जुड़ी ऐतिहासिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित किया गया है। 9 से 13 नवंबर तक बोमडिला निर्वाचन क्षेत्र और आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालु मठ पहुंचकर दर्शन, प्रार्थना और आशीर्वाद प्राप्त कर सकेंगे। पहले दिन बौद्ध भिक्षुओं, गणमान्य व्यक्तियों, वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों ने भी पवित्र अवशेषों के दर्शन कर श्रद्धा व्यक्त की।

उल्लेखनीय है कि बोमडिला पहुंचने से पहले इन पवित्र अवशेषों को तवांग स्थित गादेन नामग्याल ल्हात्से (तवांग मठ) में सात दिनों तक सार्वजनिक दर्शन के लिए रखा गया था। 7 नवंबर को संपन्न हुए इस आयोजन में तवांग के विभिन्न ब्लॉकों और आसपास के क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों ने भाग लिया था। बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति भगवान शाक्यमुनि बुद्ध के प्रति गहरी आस्था और आध्यात्मिक श्रद्धा को दर्शाती है।

बोमडिला में दर्शन कार्यक्रम संपन्न होने के बाद पवित्र अवशेष अरुणाचल प्रदेश के नामसाई स्थित स्वर्ण पैगोडा ले जाए जाएंगे। वहां 14 से 20 नवंबर 2026 तक श्रद्धालुओं को दर्शन का अवसर मिलेगा। इसके बाद 21 नवंबर 2026 को पवित्र अवशेष राष्ट्रीय संग्रहालय, नई दिल्ली वापस लाए जाएंगे।
