गरियाबंद/रायपुर, 09 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ में दीपावली की रात एक हृदयविदारक सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। महासमुंद और गरियाबंद जिले की सीमा के पास राजिम क्षेत्र के टीला एनीकट में एक कार अनियंत्रित होकर महानदी में जा गिरी। हादसे में शीतल साहू, उनकी पत्नी भारती साहू और उनके दो बच्चों विकास साहू एवं पूर्वा साहू की जान चली गई। दीपावली का पर्व मनाने अपने गृहग्राम लौट रहे परिवार की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। इस घटना से रायपुर, गरियाबंद और आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर फैल गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शीतल साहू (44) रायपुर के लक्ष्मीनगर में अपने परिवार के साथ रहते थे। उनका मूल निवास गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पसौद है। दीपावली का त्योहार मनाने के लिए वे अपनी पत्नी भारती और बेटे विकास तथा बेटी पूर्वा के साथ कार से गृहग्राम पसौद लौट रहे थे। इसी दौरान रविवार देर रात चंपारण पुलिस चौकी क्षेत्र के टीला एनीकट के पास उनकी कार अचानक अनियंत्रित होकर महानदी में जा गिरी।
बताया जा रहा है कि हादसा रात करीब एक बजे के आसपास हुआ। कार नदी में गिरने के बाद उसमें सवार परिवार के चारों सदस्य पानी में डूब गए। दुर्घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद चंपारण पुलिस और संबंधित टीम मौके पर पहुंची और बचाव एवं तलाश की कार्रवाई शुरू की। नदी से चारों के शव बाहर निकाले गए। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मृतकों की पहचान शीतल साहू, उनकी पत्नी भारती साहू, बेटे विकास साहू (19) और बेटी पूर्वा साहू (21) के रूप में हुई है। एक ही परिवार के चार सदस्यों की असमय मौत ने सभी को झकझोर कर रख दिया है।
परिजनों के अनुसार, परिवार के सदस्य दीपावली मनाने के लिए घर पहुंचने वाले थे। बताया जाता है कि शीतल साहू ने रात करीब 11 बजे अपने भाई से फोन पर बातचीत कर रायपुर से निकलने और लगभग डेढ़ घंटे में गांव पहुंचने की जानकारी दी थी। लेकिन इसके बाद परिवार से संपर्क नहीं हो सका। काफी देर तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन फोन बंद मिला। इसके बाद उनकी तलाश शुरू की गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद पूरे पसौद गांव में शोक का माहौल है। जिस परिवार के स्वागत और दीपावली की खुशियों का इंतजार किया जा रहा था, वहां अब मातम पसरा हुआ है।

चंपारण पुलिस हादसे की जांच में जुटी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार अनियंत्रित होकर एनीकट से नदी में गिरी, लेकिन वाहन चालक का नियंत्रण किन परिस्थितियों में बिगड़ा और दुर्घटना की वास्तविक वजह क्या थी, इसका अभी खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
