नई दिल्ली, 09 नवंबर 2026। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 11 नवंबर 2026 को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के पुरस्कार प्रदान करेंगी। स्वच्छ सर्वेक्षण के 10वें संस्करण के अंतर्गत देश के सबसे स्वच्छ शहरों को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य तथा विद्युत मंत्री मनोहर लाल और आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू भी उपस्थित रहेंगे।
‘स्वच्छता की नई पहल- बढ़ाएं हाथ, करें सफाई साथ’ विषय पर आयोजित स्वच्छ सर्वेक्षण का 10वां संस्करण सफलतापूर्वक संपन्न हो गया है। आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के शहरी विकास विभाग के तत्वावधान में आयोजित इस सर्वेक्षण के माध्यम से स्वच्छ भारत मिशन-शहरी में उत्कृष्ट योगदान देने वाले शहरों को सम्मानित किया जाएगा।
स्वच्छ सर्वेक्षण पुरस्कार 2025-26 पिछले एक दशक में शहरों और राज्यों की सामूहिक उपलब्धियों का उत्सव मनाने के साथ ही स्वच्छता के क्षेत्र में हासिल उपलब्धियों को निरंतर बनाए रखने की प्रतिबद्धता को भी दर्शाते हैं।
स्वच्छ भारत मिशन-शहरी के प्रमुख स्वच्छता मूल्यांकन कार्यक्रम स्वच्छ सर्वेक्षण का दायरा वर्ष 2016 में 73 शहरी स्थानीय निकायों से बढ़कर नवीनतम संस्करण में 4,751 से अधिक शहरों तक पहुंच गया है। इस वर्ष सर्वेक्षण में कई महत्वपूर्ण सुधार किए गए हैं। इनमें नागरिकों की प्रतिक्रिया को अधिक महत्व देना, शहरी नदी तटों, समुद्र तटों और जल निकायों के मूल्यांकन का दायरा बढ़ाना तथा खुले में शौच एवं खुले में पेशाब की रोकथाम, पर्यटन और विरासत स्थलों की स्वच्छता तथा विद्यालयों में व्यवहार परिवर्तन संबंधी पहलों पर विशेष ध्यान देना शामिल है।
स्वच्छ सर्वेक्षण के 10वें संस्करण में शहरी स्थानीय निकायों का मूल्यांकन 10 प्रमुख आकलन क्षेत्रों के 43 संकेतकों के आधार पर किया गया। इनमें कचरे का पृथक्करण, संग्रहण एवं परिवहन, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, प्रत्यक्ष स्वच्छता, स्वच्छता सुविधाओं तक पहुंच, मल-कीचड़ निष्कासन सेवाओं का मशीनीकरण, संस्थागत व्यवस्था एवं इको-सिस्टम को सुदृढ़ करना, प्रयुक्त जल प्रबंधन, स्वच्छता के प्रति जागरूकता एवं जनभागीदारी, सफाई कर्मचारियों का समग्र कल्याण तथा नागरिकों की प्रतिक्रिया एवं शिकायतों का निवारण शामिल हैं।
देशभर में 3,000 से अधिक प्रशिक्षित मूल्यांकनकर्ताओं ने व्यापक स्तर पर जमीनी आकलन किया। इस प्रक्रिया में वास्तविक समय में जीपीएस आधारित निगरानी की सहायता ली गई। साक्ष्य प्रस्तुत करने से लेकर उनके सत्यापन तक संपूर्ण मूल्यांकन प्रक्रिया डिजिटल और पारदर्शी रही। प्रत्येक चरण में कड़े गुणवत्ता मानकों का पालन किया गया।
देश के शीर्ष स्वच्छ शहरों के साथ इस वर्ष ‘स्वच्छ शहर जोड़ी’ पहल में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शहरों को भी सम्मानित किया जाएगा। इस पहल के माध्यम से 33 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के 70 मार्गदर्शक शहरों तथा 191 सहभागी शहरों के बीच आपसी सीख और अनुभव साझा करने को प्रोत्साहित किया गया है। इसका उद्देश्य शहरी अपशिष्ट प्रबंधन में उत्कृष्टता को बढ़ावा देना है।
‘स्वच्छ शहर जोड़ी’ पहल का शुभारंभ 27 सितंबर 2025 को केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने किया था। यह शहरी अपशिष्ट प्रबंधन के क्षेत्र में अपनी तरह का पहला मार्गदर्शन एवं परस्पर सीखने का कार्यक्रम है। इसकी शुरुआत के अवसर पर सभी मार्गदर्शक और सहभागी शहरों के बीच समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए थे।
स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 और 2025 के बीच सहभागी शहरों के प्रदर्शन में प्रमुख स्वच्छता संकेतकों पर उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया गया है। ‘प्रत्यक्ष स्वच्छता’ के मानक पर इन शहरों का प्रदर्शन 48 प्रतिशत से बढ़कर 70 प्रतिशत हो गया है। इसी प्रकार, घर-घर कचरा संग्रहण का प्रदर्शन 52 प्रतिशत से बढ़कर 74 प्रतिशत तक पहुंच गया है।
अन्य प्रमुख मानकों पर भी सुधार हुआ है। स्रोत पर कचरे का पृथक्करण 16 प्रतिशत से बढ़कर 30 प्रतिशत, स्वच्छता सुविधाओं तक पहुंच 11 प्रतिशत से बढ़कर 38 प्रतिशत, प्रयुक्त जल प्रबंधन 32 प्रतिशत से बढ़कर 53 प्रतिशत तथा स्वच्छता के प्रति जागरूकता एवं जनभागीदारी 48 प्रतिशत से बढ़कर 66 प्रतिशत हो गई है।

ये उपलब्धियां उच्च प्रदर्शन करने वाले शहरों के मार्गदर्शन से स्वच्छता प्रणालियों को सुदृढ़ बनाने और सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार को दर्शाती हैं।
समर्पित प्रयासों, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और स्वच्छता के प्रति दृढ़ प्रतिबद्धता का एक वर्ष पूरा होने के बाद अब 11 नवंबर 2026 को स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के पुरस्कार विजेता शहरों की घोषणा की जाएगी।
