डब्ल्यूएचओ की वैश्विक क्षय रोग रिपोर्ट-2026 में भारत के प्रयासों की सराहना, 25 करोड़ से अधिक लोगों की हुई टीबी जांच, 48.64 लाख मरीजों की पहचान
नई दिल्ली, 13 नवंबर 2026। टीबी (क्षय रोग) के खिलाफ भारत की लड़ाई में उल्लेखनीय सफलता मिली है। वर्ष 2015 के बाद से देश में टीबी से होने वाली मौतों में 38 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है, जबकि वैश्विक स्तर पर यह कमी 35 प्रतिशत रही है। इसके साथ ही टीबी के ऐसे मरीजों में उपचार की सफलता दर 94 प्रतिशत तक पहुंच गई है, जिन पर सामान्य टीबी रोधी दवाएं प्रभावी हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) की 12 नवंबर 2026 को जारी वैश्विक क्षय रोग रिपोर्ट-2026 में भारत की इस प्रगति को रेखांकित किया गया है।
रिपोर्ट के अनुसार, भारत ने टीबी की शीघ्र पहचान, आधुनिक जांच तकनीकों, समय पर उपचार और मरीजों को पोषण संबंधी सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में व्यापक प्रयास किए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के टीबी-मुक्त भारत के संकल्प को जनभागीदारी से जोड़ते हुए देशभर में अभियान चलाया जा रहा है। राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत तकनीक और सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से टीबी की रोकथाम एवं उपचार को गति दी जा रही है।
25 करोड़ से अधिक लोगों की जांच, 48.64 लाख मरीजों की पहचान
टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत 7 दिसंबर 2024 से 8 नवंबर 2026 के बीच 25 करोड़ से अधिक लोगों को गहन जांच के दायरे में लाया गया। इस दौरान 11 करोड़ से अधिक छाती के एक्स-रे किए गए तथा तीन करोड़ से अधिक न्यूक्लिक एसिड एम्प्लीफिकेशन टेस्ट (एनएएटी) के माध्यम से त्वरित एवं सटीक जांच की गई।
इस व्यापक अभियान में टीबी के 48.64 लाख नए मामलों की पहचान हुई। इनमें 14.97 लाख ऐसे मरीज भी शामिल हैं, जिनमें बीमारी के स्पष्ट लक्षण दिखाई नहीं दे रहे थे। इन मरीजों की समय रहते पहचान होने से उपचार शुरू करने और संक्रमण के प्रसार को रोकने में मदद मिली है।
अभियान का पहला 100 दिवसीय चरण 7 दिसंबर 2024 को 33 राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों के 347 उच्च प्राथमिकता वाले जिलों में शुरू किया गया था। इसके बाद अभियान का विस्तार देशभर में किया गया। 24 मार्च 2026 को शुरू किए गए दूसरे 100 दिवसीय अभियान में 1.58 लाख उच्च जोखिम वाले गांवों, वार्डों, सामूहिक निवास स्थलों और संवेदनशील आबादी पर विशेष ध्यान दिया गया।
एआई और आधुनिक तकनीक से जांच व्यवस्था मजबूत
टीबी की पहचान और उपचार को अधिक प्रभावी बनाने के लिए भारत कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित तकनीकों का उपयोग कर रहा है। पोर्टेबल डिजिटल एक्स-रे मशीनों, एआई आधारित जांच, त्वरित मॉलिक्यूलर परीक्षण और डिजिटल निगरानी व्यवस्था से मरीजों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ी है।
नि-क्षय डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से मरीजों की निगरानी, उपचार की प्रगति और आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं का प्रबंधन किया जा रहा है। इसके अलावा एआई आधारित उपकरणों से टीबी प्रभावित क्षेत्रों, अधिक जोखिम वाले मरीजों और संभावित प्रतिकूल परिणामों की पहचान में सहायता मिल रही है।
पोषण सहायता और जनभागीदारी पर विशेष जोर
टीबी के उपचार में पोषण की महत्वपूर्ण भूमिका को देखते हुए सरकार नि-क्षय पोषण योजना के माध्यम से पात्र मरीजों को आर्थिक सहायता उपलब्ध करा रही है। वहीं नि-क्षय मित्र पहल के अंतर्गत व्यक्ति, संस्थाएं और संगठन टीबी मरीजों को पोषण एवं मनोसामाजिक सहयोग प्रदान कर रहे हैं।
इन प्रयासों का सकारात्मक परिणाम यह रहा कि वर्ष 2025 में देश की 67,933 ग्राम पंचायतों को टीबी-मुक्त घोषित किया गया। अभियान में पंचायती राज संस्थाओं, शहरी निकायों, सामाजिक संगठनों, निजी स्वास्थ्य सेवा प्रदाताओं और सामुदायिक प्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी रही है।
युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए जोश टीम पहल भी शुरू की गई है। इसके अंतर्गत ब्लॉक और वार्ड स्तर पर टीमों का गठन किया जा रहा है, जिनमें राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के पांच कैडेट और माई भारत के पांच स्वयंसेवक शामिल होंगे। इनका उद्देश्य जागरूकता फैलाना और टीबी उन्मूलन को जन आंदोलन का स्वरूप देना है।
घरेलू संसाधनों से 96 प्रतिशत वित्तपोषण
टीबी उन्मूलन के प्रति भारत की प्रतिबद्धता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि कार्यक्रम की कुल वित्तपोषण संबंधी आवश्यकताओं का 96 प्रतिशत हिस्सा घरेलू संसाधनों से पूरा किया जा रहा है। इससे देश में स्वास्थ्य क्षेत्र में निवेश और आत्मनिर्भर व्यवस्था को मजबूती मिली है।
डब्ल्यूएचओ की रिपोर्ट में भारत में टीबी से होने वाली अनुमानित मौतों में आई कमी को भी रेखांकित किया गया है। वर्ष 2015 में प्रति लाख जनसंख्या पर टीबी से होने वाली मौतों की संख्या 28 थी, जो वर्ष 2025 में घटकर 18 रह गई।
भारत में टीबी उन्मूलन के प्रयासों को वैज्ञानिक अनुसंधान, महामारी विज्ञान संबंधी निगरानी और भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद के राष्ट्रीय क्षय रोग अनुसंधान संस्थान के सर्वेक्षण से भी समर्थन मिल रहा है।

टीबी से होने वाली मौतों में कमी, उपचार की बेहतर सफलता दर और व्यापक जांच अभियान भारत की सार्वजनिक स्वास्थ्य व्यवस्था की महत्वपूर्ण उपलब्धियां हैं। सरकार का लक्ष्य शीघ्र पहचान, प्रभावी उपचार, पोषण सहायता, निवारक उपायों और जनभागीदारी के माध्यम से टीबी-मुक्त भारत के संकल्प को साकार करना है।
टीबी हारेगा, देश जीतेगा!
