भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर कल धरमजयगढ़ में जनजातीय गौरव का महाकुंभ, नितिन नवीन होंगे शामिल

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा- जनजातीय गौरव दिवस को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ आमजन में भी भारी उत्साह

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव और संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने अधिकाधिक भागीदारी की अपील की

दशहरा मैदान में होगा राज्य स्तरीय समारोह, जनजातीय इतिहास, संस्कृति, परंपरा और शौर्य की दिखेगी झलक

रायपुर/धरमजयगढ़, 14 नवंबर 2026। भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर कल 15 नवंबर को छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह का भव्य आयोजन होगा। इस समारोह में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। धरमजयगढ़ के दशहरा मैदान में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम को लेकर प्रदेश में उत्साह का वातावरण है। जनजातीय समाज की गौरवशाली विरासत, ऐतिहासिक संघर्ष, सांस्कृतिक पहचान और राष्ट्र निर्माण में उसके योगदान को समर्पित इस आयोजन में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ-साथ आम जनता में भी भारी उत्साह है। तैयारियों से स्पष्ट है कि यह आयोजन ऐतिहासिक और भव्य होगा। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्रों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यकर्ताओं और आमजन को साथ लेकर धरमजयगढ़ पहुंचने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन संघर्ष, स्वाभिमान, साहस और राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा देता है। उनका बलिदान सदैव देशवासियों को अपनी संस्कृति, परंपरा और मातृभूमि के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा देता रहेगा।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर आयोजित जनजातीय गौरव दिवस हम सभी के लिए गर्व और प्रेरणा का अवसर है। यह दिन जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, संस्कृति, परंपराओं और राष्ट्र के लिए दिए गए बलिदान को स्मरण करने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के स्वागत के लिए उत्सुक है। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद उनका यह पहला छत्तीसगढ़ प्रवास होगा। उन्होंने प्रदेशवासियों और पार्टी कार्यकर्ताओं से अधिकाधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की।

भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने भी कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता की भूमिका महत्वपूर्ण है। सभी मिलकर जनजातीय गौरव दिवस समारोह को सफल बनाएंगे और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का स्वागत करेंगे। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज का उत्थान, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसरों का विस्तार सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। ऐसे आयोजन जनजातीय समाज की अस्मिता, गौरव और सांस्कृतिक पहचान को व्यापक स्तर पर सामने लाने का अवसर हैं।

धरमजयगढ़ में आयोजित होने वाले समारोह में जनजातीय समाज के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, वीर नायकों और राष्ट्र के लिए योगदान देने वाले महापुरुषों को याद किया जाएगा। छत्तीसगढ़ की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, पारंपरिक लोककला, नृत्य, संगीत और जीवनशैली की झलक भी आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहेगी। सरगुजा से बस्तर तक फैली जनजातीय परंपराओं और सांस्कृतिक विविधता को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।

उल्लेखनीय है कि केंद्र सरकार ने वर्ष 2021 में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की थी। भगवान बिरसा मुंडा ने ब्रिटिश शासन के विरुद्ध संघर्ष करते हुए जनजातीय समाज के अधिकारों, स्वाभिमान और सांस्कृतिक पहचान की रक्षा के लिए ऐतिहासिक आंदोलन का नेतृत्व किया था। उनका उलगुलान आंदोलन भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में विशेष स्थान रखता है।

छत्तीसगढ़ में जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर 11 से 18 नवंबर तक विभिन्न गतिविधियां भी आयोजित की जा रही हैं। इनमें जनजातीय नायकों की स्मृतियों से जुड़े स्थलों पर कार्यक्रम, छात्रावासों में संपर्क अभियान, सांस्कृतिक आयोजन और जनजातीय समाज के बीच संवाद जैसी गतिविधियां शामिल हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के अनुसार, 16 से 18 नवंबर तक प्रदेश की सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में युवा संवाद कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

धरमजयगढ़ का यह राज्य स्तरीय आयोजन जनजातीय समाज के इतिहास, स्वाभिमान और योगदान को सम्मान देने के साथ नई पीढ़ी को अपनी जड़ों, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का महत्वपूर्ण अवसर बनेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *